शहर के पांच गवर्नमेंट कॉलेजों में बीएससी मेडिकल-नॉन मेडिकल, बीबीए और बीसीए में दाखिले का लिए पहली काउंसिलिंग का दौर खत्म हो चुका है। पहले ही दिन इन सभी कोर्स में सीटें भर चुकी हैं।
यूटी प्रशासन अब इन कोर्स में रिजर्व कोटे या किसी स्टूडेंट द्वारा सीट छोड़ने से खाली हुई सीट पर दाखिले के लिए 14 जुलाई को दूसरी काउंसिलिंग करेगा। दूसरी काउंसिलिंग में स्टूडेंट को उसी दिन फीस जमा करनी होगी। ऐसा न करने पर सीट खाली समझी जाएगी।
गौरतलब है कि चार गवर्नमेंट कॉलेज जीसीजी-11,जीसी-11,जीसीजी-42 और जीसी-46 में बीसीए की 280 सीटों के लिए 920 स्टूडेंट्स मेरिट लिस्ट में शामिल थे। बीबीए की 120 सीटों के लिए 847 स्टूडेंट्स ने आवेदन किया था। बीबीए कोर्स की 80 सीटें जीसी-11 और 40 सीटें गवर्नमेंट कॉमर्स कॉलेज में हैं।
गवर्नमेंट कॉलेज में बीएससी नॉन मेडिकल की 460 सीटों के लिए 2550 ने आवेदन किया है, जबकि बीएससी मेडिकल की 360 सीटों के लिए 1672 आवेदन फार्म इस साल सेंट्रलाइज्ड एडमिशन में जमा हुए हैं। 14 जुलाई को बीएससी मेडिकल के लिए जीसीजी-42 में सुबह 9 बजे काउंसिलिंग होगी। बीएससी नॉन मेडिकल की काउंसिलिंग जीसीजी-11, बीसीए की काउंसिलिंग जीसी-46 और बीबीए-एमकॉम की काउंसिलिंग गवर्नमेंट कॉमर्स कॉलेज-50 में होगी।
पीयू ने एमए पंजाबी में दाखिले का शेड्यूल जारी किया
पंजाब यूनिवर्सिटी स्थित पंजाबी भाषा विभाग ने एमए पंजाबी प्रथम वर्ष में दाखिले का शेड्यूल जारी कर दिया है। यूनिवर्सिटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 जुलाई को सुबह 10 बजे प्रवेश काउंसिलिंग शुरू होगी। स्टूडेंट को आधा घंटा पहले सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ रिपोर्ट करना होगा।