शहर के कॉलेजों में इस बार बीकॉम, बीबीए और बीएससी ही नहीं आर्ट्स के लिए भी मारामारी चल रही है। पहली काउंसिलिंग खत्म होने से पहली ही शहर के कई कॉलेजों में आर्ट्स की सीटों पर दाखिला बंद हो गया है। अब सिर्फ कुछ गवर्नमेंट और प्राइवेट कॉलेजों में ही बीए की सीटें खाली हैं। शहर के गवर्नमेंट कॉलेजों में 2200 में से 300 सीटें ही खाली हैं।
प्राइवेट और गवर्नमेंट कॉलेजों में बीए जनरल कोटे में कट ऑफ 65 से 75 फीसदी रही है। सोमवार को काउंसिलिंग के चौथे दिन सेक्टर-32 स्थित एसडी कॉलेज, सेक्टर-11 स्थित जीसीजी, जीसी-11 में बीए की सभी सीटें भर गई हैं। सेक्टर-36 स्थित एमसीएम कॉलेज में बीए की सभी 800 सीटें 8 जुलाई को ही भर गई थी।
जीसी-11 प्रिंसिपल प्रो. जेके सहगल के अनुसार बीए की 1000 में से 970 सीटें भर चुकी हैं। सिर्फ कुछ रिजर्व सीटें ही बची हैं। जिन पर 14 जुलाई को दाखिला दिया जाएगा।
जीसीजी-11 प्रिंसिपप प्रो.अनिता कौशल के अनुसार बीए की सभी 800 सीटें भर चुकी हैं। जनरल (आउटसाइड यूटी) कोटे में इस बार कट ऑफ 75 फीसदी रही है। यूटी कोटे में भी 65 फीसदी से कम पर कोई दाखिला नहीं किया गया है।
सेक्टर-32 स्थित एसडी कॉलेज की सभी 800 सीटें भर चुकी हैं। प्रिंसिपल डॉ. भूषण कुमार शर्मा ने बताया कि बीए में कट ऑफ 75 फीसदी रही है। उन्होंने बताया कि बीए में दाखिले के लिए अभी लंबी वेटिंग लिस्ट है। 13 जुलाई को ही खाली सीट के बारे में जानकारी दी जाएगी।
सेक्टर-10 डीएवी कॉलेज डीन एडमिशन प्रो. बीके बिरमानी के अनुसार सोमवार को बीए की 1000 में से 800 सीटें भर चुकी हैं। बीए में कट ऑफ 65 फीसदी रही है। जनरल कोटे की सभी सीटें भर चुकी हैं। बची हुई कुछ सीटों पर 12 और 13 जुलाई को काउंसिलिंग होगी।
इन कॉलेजों में दाखिले का चांस
बेशक शहर के प्रतिष्ठित प्राइवेट और गवर्नमेंट कॉलेजों में बीए की सीटें भर चुकी हैं। लेकिन अभी जीसी-46 में 200, गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर गर्ल्स में 300, गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज-26 में 250 और देव समाज कॉलेज ऑफ एजुकेशन में 300 बीए की सीटें खाली हैं। 16 जुलाई तक इन कॉलेजों में बिना लेट फीस दाखिला लिया जा सकता है।
पहली बार बीए के लिए करीब 11 हजार आवेदन
शहर के पांच गवर्नमेंट कॉलेजों में बीए प्रथम वर्ष की 2200 सीटों के लिए इस साल रिकॉर्ड 11 हजार से अधिक आवेदन फार्म जमा हुए हैं। जीसी-11 में सबसे अधिक 4 हजार से अधिक आवेदन फॉर्म पहुंचे थे। कॉलेज में पहली बार लड़कियों को भी बीए में दाखिला दिया गया है। 1000 में से करीब 250 लड़कियों ने दाखिला लिया है।
बीए प्रथम वर्ष में 1350 सीटें खाली
शहर के कुछ कॉलेजों में अभी बीए प्रथम वर्ष में दाखिले का मौका है। शहर के कॉलेजों में बीए की सीटों की स्थिति इस प्रकार है।
कॉलेज का नाम सीटें खाली
एमसीएम-36 सीटें फुल
एसडी कॉलेज सीटें फुल
जीसीजी-11 सीटें फुल
जीसी-11 सीटें फुल
डीएवी 200 सीटें
जीसीजी-42 100 सीटें
जीसी-46 200
जीजीएससी26 250
जीजीएसडब्ल्यू26 300
देव समाज कॉलेज-45 300
शहर के गवर्नमेंट कॉलेजों में इस साल बीकॉम, बीबीए के साथ बीए में भी दाखिले के लिए जोर आजमाइश चल रही है। गवर्नमेंट कॉलेजों की फैकल्टी और बढ़िया इन्फ्रास्ट्रक्चर ने युवाओं को आकर्षित किया है। यूजीसी नैक ग्रेडिंग में जीसीजी-11, जीसी-46, जीसीजी-42 को ए ग्रेड मिला है। स्टूडेंट्स के बेहतर कॅरियर के लिए गवर्नमेंट कॉलेजों पर काफी फोकस किया जा रहा है।
-जितेंद्र यादव, डायरेक्टर हायर एजुकेशन यूटी।