पीयू और पीयू से एफिलिएटेड शहर के 11 कॉलेजों में बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में दाखिला प्रक्रिया वीरवार से शुरू हो जाएगी। दोपहर बाद से पीयू और कॉलेजों की 2340 सीटों के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
पीयू कुलपति प्रो.अरुण कुमार ग्रोवर दोपहर बाद बीकॉम आवेदन के लिए ऑनलाइन वेबसाइट का उद्घाटन करेंगे। बीकॉम सेंट्रलाइज्ड एडमिशन के चीफ कोआर्डिनेटर और यूबीएस के प्रोफेसर संजय कौशिक के अनुसार ऑनलाइन आवेदन के लिए ट्रायल पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि तय शेड्यूल के तहत 2 जून से 12वीं पास स्टूडेंट बीकॉम काउंसिलिंग में हिस्सा लेने के लिए वेबसाइट http//bcomadmissions.puchd.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आगामी सत्र में बीकॉम की सीटें बढ़ाने पर अभी पीयू प्रशासन द्वारा कोई फैसला नहीं लिया गया है। अगर सीटें बढ़ी तो काउंसिलिंग शुरू होने से पहले ही इसकी जानकारी दे दी जाएगी। पीयू स्थित लॉ ऑडिटोरियम में एक से चार जुलाई तक काउंसिलिंग शेड्यूल तैयार किया गया है।