पंजाब यूनिवर्सिटी में 24 घंटे गर्ल्स हॉस्टल खुलने पर फैसला अब सिंडिकेट में होगा। इसके लिए जल्द डीन स्टूडेंट वेलफेयर की ओर से प्रपोजल भेजा जाएगा। यह फैसला बुधवार को पंजाब यनिवर्सिटी के डीन स्टूडेंट वेलफेयर के चेयरमैन प्रो. इमैनुअल नाहर और डीएसडब्ल्यू वुमन प्रो. नीना कपलाश की अध्यक्षता में हई बैठक में लिया गया। बैठक में छात्र संघ अध्यक्ष, आइसा के अध्यक्ष विजय कुमार, एसएफएस के हरमन, पुसू ललकार की अमनदीप कौर शामिल रहीं। इस मीटिंग के बाद छात्र नेता काफी संतुष्ट नजर आए। प्रो. नाहर ने बताया कि यह मीटिंग काफी अच्छी रही और छात्रों की कई मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा।
दिसंबर महीने तक हॉस्टल की जानकारी होगी वेबसाइट पर
प्रो. नाहर ने बताया कि मीटिंग में छात्रों की एक मांग हॉस्टल में पारदर्शिता पर काफी काम किया जा रहा है। दिसंबर महीने तक पंजाब यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर हॉस्टल की तमाम जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसमें हॉस्टल के कमरों के खाली होने एवं फीस की तमाम जानकारी दी जाएगी।
हॉस्टल में ईडब्ल्यूएस कोटे भी होगा: प्रो नाहर
बैठक में हॉस्टल के मुद्दे सहित अन्य कई मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रो. नाहर ने बताया कि इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन को हॉस्टल में आरक्षण, कैंपस में फोर व्हीलर के बैन को लेकर भी चर्चा की गई। साथ ही पार्किंग स्थल को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत गेट नंबर एक के पास स्थित पार्किंग को बढ़ाने का सुझाव दिया गया। साथ ही पीयू कैश में छात्रों के प्रतिनिधि को शामिल करने को लेकर भी प्रबंधन ने फिलहाल हरी झंडी दे दी है। इसके लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके साथ ही कई अन्य मांगों को भी प्रबंधन के सामने रखा गया।