चंडीगढ़। बारिश ने रविवार को पंजाब यूनिवर्सिटी के चुनावी माहौल पर दिन में ब्रेक लगाया लेकिन शाम होते-होते मौसम साफ हुआ। स्टूडेंट सेंटर फिर से छात्रों और संगठनों की चहल-पहल से गुलजार हो उठा। सुबह और दोपहर तक कैंपस में सन्नाटा पसरा था वहीं बारिश थमते ही छात्र नेता हॉस्टलों से निकलकर खुले मैदान में कैंपेनिंग में जुट गए।
पीयू के स्टूडेंट सेंटर पर शाम 4 बजे के बाद मौसम खुलते ही माहौल पूरी तरह से बदल गया। दिनभर हुई तेज बारिश के कारण स्टूडेंट सेंटर लगभग खाली पड़ा रहा। कैंपस के कई हिस्सों में पानी भर गया था इस वजह से छात्र संगठनों की कैंपेनिंग हॉस्टलों और मेस तक ही सीमित रही। छात्र नेता पूरे दिन कमरों में जाकर छात्रों से वन-टू-वन मुलाकात करते रहे और वोट देने की अपील करते रहे। शाम करीब 4 बजे बारिश थमने के बाद स्टूडेंट सेंटर में छात्रों का आना-जाना बढ़ गया। अधिकांश छात्रों ने किसी न किसी छात्र संगठन के स्टिकर लगाए हुए थे जिससे माहौल चुनावी रंग में सराबोर दिखा। कैंपस में नारों, पोस्टरों और प्रचार सामग्रियों की गूंज सुनाई देने लगी। इस दौरान कई पूर्व नेता भी स्टूडेंट सेंटर पहुंचे और अपने संगठन के कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। चुनावी सरगर्मियों में तेजी आने से रविवार की छुट्टी भी स्टूडेंट सेंटर में पूरी तरह राजनीतिक गतिविधियों के नाम रही।