- हरियाणा से कटरा तक जाने वाली 17 बसों में से 13 का जालंधर तक ही संचालन किया जा रहा
- मनाली के बजाय मंडी तक चलाई जा रहीं 11 में से 9 बसें, कोटद्वार-बिजनाैर की 2 बस सेवाओं पर रोक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बाढ़ व भारी बरसात के चलते हरियाणा से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के लिए संचालित होने वाली रोडवेज की करीब 30 बसों का संचालन प्रभावित हो गया है। इनमें से 22 बसें सुरक्षित स्थानों तक चलाई जा रही हैं जबकि आठ बसों का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया है। रोडवेज के अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बसों के संचालन को लेकर बेहद सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। हरियाणा के चंडीगढ़ सहित विभिन्न डिपो से कटरा के लिए 17 बसों का संचालन होता है। जम्मू-कश्मीर के सांबा और जम्मू में बाढ़ के चलते अभी सिर्फ 13 बसों का केवल जालंधर तक ही संचालन किया जा रहा है। मनाली के लिए 11 बसों का हरियाणा के चंडीगढ़ समेत विभिन्न डिपो से संचालन होता है। बाढ़ के चलते 11 में से 9 बसों का मंडी तक ही संचालन किया जा रहा है और 2 बसों का संचालन बंद है।
पानीपत डिपो से उत्तराखंड के कोटद्वार तक एक बस का संचालन होता है और एक बस उत्तर प्रदेश के बिजनाैर के लिए भी चलाई जाती है। बिजनाैर पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण फिलहाल इन दोनों बस सेवाओं को रोक दिया गया है। परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टीएल सत्य प्रकाश का कहना है कि बाढ़ व भारी बरसात के चलते दूसरे राज्यों के जो रास्ते अवरुद्ध हैं वहां विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।