चंडीगढ़। सेक्टर-44 निवासी साजिद निजामी को मदद का झांसा देकर शातिर ने बैंक खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने रेलवे टिकट बुक करने के बाद गूगल सर्च इंजन पर हेल्पलाइन नंबर सर्च किया था। साइबर सेल जांच में जुट गई है।
साजिद निजामी ने पुलिस को बताया कि उसने आईआरसीटीसी से रेलवे टिकट बुक किया था। इसके बाद काल करने के लिए हेल्पलाइन नंबर सर्च किया। उस नंबर पर बात करने पर आरोपी ने मदद करने का झांसा देकर पीड़ित को एक लिंक भेजा। आरोपी ने लिंक को ओपन कर एनी डेस्क एप डाउनलोड करने के लिए कहा। पीड़ित ने जैसे ही मोबाइल में एनी डेस्क एप डाउनलोड किया तो खाते से एक लाख एक हजार 772 रुपये उड़ गए। उसके मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का एक मैसेज आया। इसके अलावा पीड़ित के पेटीएम से चार हजार 42 रुपये कट गए। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच के लिए मामला साइबर सेल को भेज दिया है।