महिला एवं किशोरी सम्मान योजना से मिलने वाली सुविधाओं को ट्रैक करने के लिए बनाया एप
चंडीगढ़। हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के तहत ‘सम्मान संजीवनी’ एप को लॉन्च किया। एप से योजना के अंतर्गत दी जा रही सुविधाओं को ट्रैक किया जाएगा ताकि समय पर लाभार्थियों को लाभ मिलता रहे।
यह कार्यक्रम कैबिनेट मंत्री के चंडीगढ़ स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित किया गया। मंत्री ने कहा, महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के तहत 10 से 45 साल तक की बीपीएल महिलाओं और बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन्स दिए जाते हैं। यह लाभ उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों के माध्यम से पहुंचाए जाते हैं। समय पर उन्हें सुविधा मिले इसलिए यह एप बनाया गया है। इसमें सभी लाभार्थियों का डाटा इकट्ठा कर हर महीने मिलने वाले लाभ को अपडेट किया जाएगा।