हाउसिंग बोर्ड ने अपनी 40वीं सालगिरह पर मकान खरीद और ट्रांसफर करना कर दिया है सस्ता। ऑफर सीमित अवधि तक। सीएचबी ने ट्रांसफर फीस में 40 प्रतिशत की कटौती कर दी है। यह राहत हाउसिंग बोर्ड की ओर से अपनी 40वीं सालगिरह के मौके पर दी है।
बोर्ड के अनुसार यह सुविधा एक जुलाई से 31 दिसंबर के बीच में मिलेगी। इस समय बोर्ड की ओर से ट्रांसफर फीस कीमत का 15 प्रतिशत वसूल की जाती है। ट्रांसफर फीस कम करने की मांग लंबे समय से हाउसिंग बोर्ड के मकानों में रहने वाले कर रहे थे
ऐसे समझें बोर्ड का फैसला
उदाहरण के तौर पर अगर कोई 50 लाख रुपये का फ्लैट खरीदता था तो उसे बोर्ड में 15 प्रतिशत की दर से 7.5 लाख रुपये ट्रांसफर फीस जमा करवानी पड़ती थी। लेकिन शुक्रवार को 40 प्रतिशत फीस में कटौती करने के फैसले से अब खरीददार को 4.5 लाख रुपये ही अदा करने होंगे। इस समय सबसे ज्यादा सेक्टर-63 के हाउसिंग प्रोजेक्ट के फ्लैट ट्रांसफर हो रहे हैं। लेकिन यह राहत उन लोगों को नहीं मिलेंगे जिन्होंने पिछले सप्ताह ही ट्रांसफर के लिए बोर्ड में आवेदन किया है।
15 अगस्त को होगी ई बोली
हाउसिंग बोर्ड ने 15 अगस्त को अपनी खाली पड़ी प्रापर्टी को ई बोली द्वारा नीलाम करने का निर्णय लिया है। इस समय बोर्ड के अलग अलग सेक्टरों में 50 रेजिडेंट्स प्रापर्टी है। बोर्ड ने अब अलाटियों को अपने घर में अतिरिक्त दरवाजा बनाने की भी मंजूरी दे दी है। लेकिन बोर्ड का कहना है कि इसका प्रमाणपत्र प्रशासन की ओर से तय इंजीनियर से पहले लेना जरूरी है। अगर किसी ऐसी जगह पर अतिरिक्त दरवाजा बनाने की जरूरत है जहां पर कामन दीवार है। वहां पर पहली, दूसरी, तीसरी मंजिल के सभी अलॉटियों की इस पर सहमति होनी भी जरूरी है। लेकिन यह अतिरिक्त दरवाजा उस जगह पर खोलने की मंजूरी नहीं है जहां पर पब्लिक का ओपन और ग्रीन स्पेस खुलता हो।
अच्छी गुणवता का इस्तेमाल किया जाए
बोर्ड की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि सेक्टर-51 की सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत जो जिन 200 फ्लैट का निर्माण किया जाएगा उनमें बेस्ट क्वालिटी और ब्रांड के उपकरण और सामग्री का प्रयोग किया जाएगा। बोर्ड ने सी हाउसिंग बोर्ड की कालोनियों में लिफ्ट लगाने को भी मंजूरी दे दी है। बोर्ड ने सेक्टर-56 के पुनर्वास योजना के तहत जो मकान पिछले दिनों किस्त न आने और अन्य कारण से खारिज कर दिए थे उन्हें भी बहाल कर दिया है। ऐसे में 77 लोगों की अपील बोर्ड केपास पेंडिंग पड़ी हुई थी।