हरियाणा 2025 तक कम से कम 50 प्रतिशत विद्यार्थियों तक व्यावसायिक शिक्षा का विस्तार करने का कार्य करेगा। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान मानेसर में इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि अंतिम वर्ष के लगभग 3100 विद्यार्थियों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है। लगभग 1500 विद्यार्थियों को पासपोर्ट मिल गए हैं।
राज्य के कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों से हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी पास होते हैं। वे देशभर में विभिन्न संगठनों और विभागों में अच्छे पदों पर कार्यरत हैं। उनके अनुभव से मौजूदा विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के लिए मातृ संस्थाओं में एलुमनी सप्ताह आयोजित किए जाएंगे। उच्च शिक्षा संस्थान हर वर्ष एलुमनी उत्सव आयोजित करेंगे। वे इस कार्य के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार करेंगे।
फरीदाबाद, करनाल और सिरसा में खुलेंगे आईटीआई
विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र 2021-22 से दुधौला परिसर में अपने अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी, प्रबंधन अध्ययन एवं कृषि कार्यक्रमों के तहत अप्रेंटिसशिप/इंटर्नशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम भी शुरू करेगा। 2021-22 के दौरान सिकरोना (फरीदाबाद), इन्द्री (करनाल) और जीवन नगर (सिरसा) में तीन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आरंभ किए जाएंगे।
स्ट्राइव परियोजना के दूसरे चरण में पांच राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का चयन किया जाएगा। हरियाणा कौशल विकास मिशन संकल्प परियोजना के तहत राज्य के कौशल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करेगा। मिशन के तहत हरियाणा के डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।