केंद्रीय बजट में माइक्रो स्माल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज (एमएसएमई) के लिए 50 करोड़ से कम की टर्नओवर पर पांच फीसदी आयकर की छूट मिलने से उद्यमी खुश हैं। नोटबंदी के बाद जमीन पर आए उद्योग को बढ़ावा देने के ठोस उपाय न होने से उद्यमियों में निराशा है। उद्यमियों को आशा थी कि उनकी ट्रांजेक्शन कास्ट कम करने के उपाय होंगे पर ऐसा हुआ कुछ नहीं।
लुधियाना के उद्योग जगत ने केंद्रीय बजट पर अपनी मिश्रित प्रतिक्रिया दी है। फेडरेशन ऑफ पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान बदीश जिंदल ने कहा कि नोटबंदी के बाद आई मंदी से राहत दिलाने का उपाय बजट में नहीं है। इससे उद्यमियों में मायूसी है। इसके अलावा नकदी खर्च की सीमा बीस हजार से कम करके दस हजार करना भी जायज नहीं है।
यूनाइटेड साइकिल एंड पार्ट्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक कर बजट प्रावधानों पर चर्चा हुई। प्रधान चरणजीत सिंह विश्वकर्मा ने एमएसएमई के लिए पांच फीसदी आयकर में छूट का स्वागत किया।