पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मौड़ बम ब्लास्ट के लिए जिम्मेदार ठहराया है। बुधवार को मोती महल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कैप्टन ने केजरीवाल पर राज्य में खालिस्तान कमांडो फोर्स जैसी आतंकी संस्था को बढ़ावा देने के आरोप लगाए।
कैप्टन ने कहा कि मौड़ बम ब्लास्ट और इसके बाद बठिंडा में फायरिंग की घटनाएं दर्शाती हैं कि खालिस्तानियों के निष्क्रिय आतंकवादी सेल एक बार फिर से सक्रिय होने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में एक उग्रवादी के घर में ठहरने वाले केजरीवाल अपनी गतिविधियों के जरिए आतंकवादी ताकतों को हवा दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान की आईएसआई एजेंसी देश में हमले करने के लिए ऐसे मौकों का इंतजार कर रही है। कैप्टन ने आरोप लगाया कि आप और अकाली दल सत्ता हासिल करने के लिए कुछ भी कर सकती हैं।