ताजपुर पुलिस चौकी भी डूबी
ताजपुर रोड के साथ-साथ पुनीत नगर व करीब बीस इलाकों को जोड़ने वाले पुल पर भी पानी का खतरा मंडराने लगा है। हालांकि इलाके के लोगों का कहना है कि इसमें कहीं न कहीं कसूर प्रशासन का है। पुल छोटा है और प्रशासन को वहां से बड़ी-बड़ी गाड़ियों की आवाजाही के लिए रूट बदलना चाहिए था लेकिन प्रशासन ने पहले ध्यान नहीं दिया। बड़े-बड़े वाहनों के निकलने के कारण पुल पर जोर पड़ता रहा और पानी के जोर से पुल कमजोर पड़ गया। पुल को अब बंद कर दिया गया है। लुधियाना में हालत ये हैं कि ताजपुर पुलिस चौकी भी डूब गई है। पुलिसवालों का सामान भी भीग गया है।
घरों में घुसा गंदा पानी... टूटा लोगों का सब्र, रोड जाम किया
लुधियाना के कई इलाकों में बुड्ढे नाले का गंदा पानी लोगों के घर में घुस गया है। ढोका मोहल्ला, न्यू शिवाजी नगर, शिवाजी नगर, धर्मपुरा इलाके में गंदा पानी घुसा है। सेंट्रल हल्के के माधोपुरी इलाके में करीब एक सप्ताह से लोग गंदे पानी में ही जीने को मजबूर है और आना जाना भी गंदे पानी से हो रहा है।
लोगों का आरोप है कि वह काफी दिक्कतों का सामना कर खाना बना रहे है और गंदे पानी में ही बैठ कर खाने को मजबूर है। प्रवासी मजदूरों को आने जाने में दिक्कत हो रही हैं। ढोका मोहल्ला और धर्मपुरा इलाके के लोगों का सब्र का बांध टूट गया। बुधवार की सुबह यहां के लोग समराला रोड जाम करने पहुंचे। इलाके के लोगों ने आप विधायक अशोक पराशर पप्पी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वोट लेने के बाद विधायक ने सुध नहीं ली और अब एक दिन दूध के पैकेट बांटकर उनका हमदर्द बता रहे हैं।
ढोका मोहल्ला के रहने वाले मनमीत सिंह के साथ लोगों और धर्मपुरा की रहने वाली महिलाओं ने प्रदर्शन का मोर्चा संभाला। धर्मपुरा इलाके में रहने वाली ममता रानी ने बताया कि पिछले पांच दिनों से उनकी गली में गंदा पानी जमा है और पानी घरों में घुस चुका है। उनके घरो का सामान पानी में तैर रहा है। किचन का सामान पानी में तैर रहा है और प्रशासन बेखबर होकर देख रहा है। कोई भी इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सुध नहीं ले रहा।