बीएसएफ ने पकड़ी हेरोइन की बड़ी खेप।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीमा सुरक्षा बल (BSF) को पंजाब में बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार की मध्यरात्रि सीमांत गांव रामकोट के पास खेत से 15.5 किलो हेरोइन बरामद की। रात 12:43 से 1:20 मिनट के बीच पाकिस्तान से ड्रोन भारतीय सीमा में घुसा। उसने हेरोइन के दो पैकेट रामकोट गांव के खेतों में गिराए। ड्रोन की आवाज आते ही बीएसएफ जवानों ने फायरिंग की लेकिन वह पाकिस्तान लौट गया।
रात ही में तीन लोग हेरोइन की खेप उठाने खेतों में पहुंचे लेकिन बीएसएफ जवानों को देख हेरोइन के पैकेट छोड़ भागे। बीएसएफ के प्रवक्ता के अनुसार बीएसएफ जवान मंगलवार रात को अमृतसर के सीमांत गांव रामकोट के बाहर गश्त कर रहे थे। इस बीच रात 12:43 बजे बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तान से ड्रोन आने की आवाज सुनी। जवानों ने ड्रोन पर फायरिंग की। उन्होंने कुछ गिरने की आवाज भी सुनी। जवानों ने तीन लोगों को हेरोइन की खेप उठाकर भागते देखा। जवानों ने जब चेतावनी आवाज दी तो तीनों हेरोइन की पैकेट छोड़कर मौके से भाग निकले। यहां से पांच पैकेट हेरोइन बरामद हुई।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक बीएसएफ जवानों ने कुछ देर बाद ही रात एक बजकर 20 मिनट पर एक बार फिर ड्रोन की आवाज सुनी। रामकोट गांव के खेत में कुछ गिराने की आवाज फिर सुनी। जवानों ने ड्रोन पर निशाना लगाकर फायरिंग की। मगर वह लौट गया। जवानों ने खेत में पहुंचकर वहां से एक और बड़ा पैकेट बरामद किया। इसके अंदर हेरोइन के पांच पैकेट मिले। दोनों स्थानों से कुल 10 पैकेट मिले हैं। इनसे कुल 15.5 किलो हेरोइन मिली।