पंजाब के मानसा का युवक 11 साल से अबूधाबी में लापता
- फोटो : अमर उजाला
11 साल बाद आबूधाबी में लापता बेटे का फोन आया तो मिलन की आस जगी। बुजुर्ग दंपति ने सरकार से गुहार लगाई कि बेटा वापिस ला दो। मामला पंजाब के मानसा का है। बरेटा क्षेत्र के गांव धर्मपुरा के निवासी करीब 65 वर्षीय जंग सिंह व उसकी 60 वर्षीय पत्नी ने बताया कि उनका बेटा जगसीर सिंह करीब 11 साल से लापता है। उस समय 22 वर्षीय जगसीर चंडीगढ़ में किसी कंपनी में काम करता था और वहां से लौटने के बाद ही गायब हो गया था।
जगसीर के करीब 24 वर्षीय छोटे भाई मंगा सिंह ने बताया कि ग्यारह वर्ष से गुम उसके भाई के फोन ने परिवार को अचानक खुशी दे दी है। उसके अनुसार सरपंच रामपाल के फोन पर उसके भाई ने अपनी पहचान बताते हुए माता पिता से बात करने के लिए कहा। इसके बाद हम उसका नंबर लगाते रहे लेकिन नहीं मिला। दूसरे दिन उसका खुद का फोन आया और उनकी दो बार उससे बात हुई है।
जगसीर ने फोन पर उन्हें बताया कि वह आबू धाबी के आस पास कहीं बंधक बनाकर रखा गया है और उसके साथ चार लोग और भी हैं। उनसे दिनरात बिना किसी वेतन के काम लिया जाता है और अमानवीय जुल्म किए जाते हैं। मंगा सिंह व उसके बुजुर्ग माता पिता ने सरकार से उनके बेटे को स्वदेश लौटने में मदद की गुहार लगाई है। एसएसपी मुखविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में आने के बाद उन्होंने रिपोर्ट बनाकर उपायुक्त वरिंदर कुमार शर्मा को भेज दी है।
उनके अनुसार उपायुक्त की ओर से सरकार को रिपोर्ट की जाएगी, ताकि कानून के अनुसार आगे के कदम उठाए जा सकें। उन्होंने बताया कि वह अपने स्तर पर भी जगसीर सिंह के संबंध में पता लगवाने का प्रयास कर रहे हैं। वह एक बेटे को उसके बुजुर्ग माता पिता से मिलवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।