चंडीगढ़। सीबीएसई जोनल मुक्केबाजी प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को कई रोचक मुकाबलाें में खेलते हुए खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की। टूर्नामेंट का आगाज सेक्टर 44 के द ब्रिटिश पब्लिक स्कूल में किया गया। आयोजकों को उस समय काफी कठिनाइयाें को सामना करना पड़ा जब प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 600 के बजाय वहां पर 1200 खिलाड़ी पहुंच गए। खिलाड़ी भी परेशान हुए। काफी संख्या में खिलाड़ियाें के पहुंचने पर आयोजकाें को उनके रहने और खानेपीने के लिए प्रबंध करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
टूर्नामेंट के पहले दिन अंडर 19 आयु वर्ग में माता गुजरी स्कूल कैथल के मनीष कुमार ने आरकेएम सोनीपत स्कूल के यश दहिया को हराया। यूपी के हर्षिद कुमार ने भिवानी के विशाल को हराया। नोएडा के अमन सिंह ने सहारनपुर के लखेश्या मौर्य को मात दी। उत्तराखंड के दीपक सिंह ने बल्लभगढ़ के मोहित का हराया। देहरादून के सौरभ ने झज्जर के विकास को हराया।