दुनिया भर में 49 किलो भारवर्ग की बॉक्सिंग में धूम मचाने के बाद अब रोहतक के मायना गांव के बॉक्सर अमित पंघाल 52 किलो भारवर्ग में परचम लहराने की तैयारी में जुट गए हैं। इसी क्रम में वे 13 सदस्यीय भारतीय टीम के साथ जर्मनी में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए रविवार को रवाना हुए। यहां वे तीन मार्च से नौ मार्च तक रहकर विदेशी बॉक्सरों के साथ अभ्यास कर अपने खेल की तकनीक, स्पीड और स्टैमिना को सुधारने का प्रयास करेंगे।
भारतीय बॉक्सिंग संघ ने आने वाली एशियन चैंपियनशिप व पुरुष वर्ग की वर्ल्ड चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए देश के हर भारवर्ग से एक-एक बॉक्सर को जर्मनी भेजा है। वहां पर भारतीय टीम अन्य देशों की बॉक्सिंग टीम के साथ अभ्यास करेगी। जिससे भारतीय बॉक्सरों को विदेशी बॉक्सरों के खेल को समझने में आसानी होगी। बॉक्सर अमिल पंघाल ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में वे 52 किलो भारवर्ग के लिए तैयारियां करेंगे।
विदेशी के साथ-साथ स्वदेशी बॉक्सरों से मिलेगी कड़ी टक्कर
बॉक्सिंग विशेषज्ञों का मानना है कि 49 किलो भारवर्ग से 52 किलो भारवर्ग में अपना भाग्य आजमाने वाले बॉक्सर अमित पंघाल को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। इनमें भार वर्ग में बदलाव के अलावा, स्टेमिना, तकनीक, पावर मुख्य रहेंगी। इसके साथ-साथ अमित को 52 किलो भार वर्ग में चैंपियन बनने के लिए देश व विदेश के 49 व 52 किलो भार वर्ग के सभी बॉक्सरों को पीछे छोड़ना होगा। इस भार वर्ग में अमित को गौरव सोलंकी, कवींद्र बिष्ट, सचिन जैसे बॉक्सरों से भी चुनौती का समाना करना पड़ेगा।