फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: सिर्फ 30 हजार की बुकिंग, नगर निगम को लाखों का नुकसान

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। शहर के बीचो-बीच शनिवार को हुए पंजाबी गायक करण औजला के लाइव कन्सर्ट ने शहरवासियों की तौबा-तौबा करा दी। स्थानीय लोग, दुकानदार, स्टूडेंट्स को तो असुविधा हुई ही, नगर निगम का भी लाखों का नुकसान हो गया, जबकि प्रशासन ने सिर्फ 30 हजार रुपये की बुकिंग पर ग्राउंड दिया था। लोगों का कहना है कि आखिर करण औजला पर प्रशासन ने क्यों इतनी मेहरबानी दिखाई। लाइव कन्सर्ट में पंजाब ही नहीं, शो देखने के लिए दिल्ली, हिमाचल से भी युवा पहुंचे थे। हालात ऐसे थे कि शो शुरू होने से पहले ही पूरी मार्केट से सिगरेट आउट ऑफ स्टॉक हो गया था। एरिया पार्षद ने आरोप लगाया कि शो के अंदर भी शराब परोसी जा रही थी।
विज्ञापन

औजला के शो की वजह से शनिवार को लोगों को बड़ी असुविधा हुई। सेक्टर-34 कोचिंग सेंटर हब है, जो स्टूडेंट वहां पढ़ने गए थे, वे छुट्टी के बाद असहाय नजर आए। कई रास्ते बंद होने की वजह से आसपास की मार्केट में दुकानदार भी खाली बैठे रहे। कई ने कहा कि पुलिस ने उन्हें पहले बताया ही नहीं, जिसकी वजह से वह रुटीन के पिकअप व डिलीवरी का काम नहीं करा पाए। निगम का भी लाखों का नुकसान हो गया, क्योंकि सुबह से निगम की पेड पार्किंग बंद हो गई। इसके अलावा सेक्टर-34 के मैदान में निगम ने करीब साढ़े तीन लाख से सीमेंट के पोल और तारें लगाईं थीं, जिसे युवाओं की भीड़ रौंदते हुए आगे बढ़ गई। कई जगह से तारें टूट गई हैं। स्थानीय पार्षद प्रेमलता ने कहा कि तीन साल की मेहनत के बाद ये पोल और तारें लगाई गई थीं, जिन्हें शनिवार रात तोड़ दिया गया। ठेकेदार ने चार दिन पहले ही काम पूरा किया था और अभी उसकी पेमेंट भी नहीं हुई है। इसके अलावा आसपास रिहायशी इलाका भी है, जहां काफी संख्या में वरिष्ठ नागरिक रहते हैं, वे भी रास्ते बंद होने और जाम की वजह से परेशान नजर आए। सभी का कहना है कि ऐसे शो शहर से बाहर होने चाहिए।

सेक्टर-34 की मार्केट से सिगरेट हुआ आउट ऑफ स्टॉक
सेक्टर-34 के दुकानदारों ने बताया कि शो में जो यूथ आया था, वह अधिकतर बाहर का था। मार्केट में दिल्ली, हिमाचल, जम्मू, हरियाणा के गुड़गांव तक की गाड़ियां खड़ी थीं। हालात ऐसे थे कि शो के शुरू होने से पहले ही पूरे मार्केट से सिगरेट आउट ऑफ स्टॉक हो गया था। यह अपने आप में बताता है कि ऐसे शो किस तरह के कल्चर को बढ़ावा दे रहे हैं। स्थानीय पार्षद प्रेमलता ने पुलिस पर भी सवाल उठाए। कहा कि वह पिछले कई वर्षों से सेक्टर-34 में बैठने वाले भिखारियों की समस्या उठा रही हैं। एरिया एसएचओ और पुलिस अधिकारियों से ड्राइव की गुहार लगा चुकी हैं लेकिन उनके पास समय नहीं होता लेकिन इस शो के लिए सैकड़ों पुलिस कर्मचारी और अधिकारी मुस्तैद रहे। भिखारियों को भी शो के दिन के लिए मौके से भगा दिया गया।
विज्ञापन


14 को दिलजीत का शो, फिर होगी समस्या
लोगों की समस्याएं खत्म नहीं होने वाली। 14 दिसंबर को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का इससे भी बड़ा शो है। उसके बाद 21 को एपी ढिल्लो का शो है। इन कार्यक्रमों में भी हजारों लोग आएंगे। सेक्टर-34 बिल्कुल शहर के बीच का सेक्टर है। दिल्ली-हरियाणा, पंजाब से आने वाला भारी ट्रैफिक भी सेक्टर-34 के पास वाली सड़क से गुजरता है। सेक्टर-32 हॉस्पिटल भी इसी सड़क पर है। जब भी कोई बड़ा कार्यक्रम सेक्टर-34 ग्राउंड में होता है तो कई घंटों के लिए आस पास की सारी सड़कें बंद हो जाती है। इसी सड़क से एंबुलेंस गंभीर मरीजों को लेकर पंजाब, हरियाणा से पीजीआई और सेक्टर-32 के अस्पताल भी जाती है। ऐसे में 14 और 21 दिसंबर को फिर से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना होगा।

- बातचीत - (फोटो सहित )
सेक्टर-34 से कार्यक्रम को रद्द कर सेक्टर-25 में दी जाए मंजूरी
औजला के कार्यक्रम के कारण आधा चंडीगढ़ जाम रहा। आसपास के लोग घरों में कैद रहे। इस वजह से नागरिकों में भारी रोष है। अगर शहरवासी कोई धरना प्रदर्शन की अनुमति लेने जाते हैं तो पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था का हवाला देकर मना कर देती है और अब शहर के बीचोंबीच इतने बड़े कॉमर्शियल कार्यक्रम की मंजूरी दी जा रही है। ये गलत है। इन कार्यक्रमों को सेक्टर-34 से रद्द किया जाए और सेक्टर 25 रैली ग्राउंड या शहर के बाहर किसी उचित जगह पर ही कार्यक्रम की परमिशन दी जाए। - अरुण सूद, पूर्व मेयर व पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

प्रशासक को लिखूंगी पत्र-सेक्टर-34 में न हों ऐसे बड़े शो
एक शो की वजह से लोगों को शनिवार को असहनीय पीड़ा हुई है। मेरे वार्ड के लोग बहुत परेशान हुए हैं। स्टूडेंट, दुकानदार सभी जाम में फंसे रहे। सेक्टर-34 में ऐसे शो बिल्कुल नहीं होने चाहिए। आगे के जितने शो हैं, उन्हें रद्द करने सेक्टर-25 में मंजूरी दी जानी चाहिए। इस संबंध में पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक को भी पत्र लिखूंगी और निगम से भी आग्रह करूंगी कि वह फायर एनओसी न जारी करे। - प्रेम लता, एरिया पार्षद

पूरी रात दुकानों की सुरक्षा की जताती रही चिंता
बहुत परेशानी हुई है। दो बजे के बाद कस्टमर नहीं थे। सारे रास्ते बंद थे। यहां दुकानदार भारी-भरकम किराया चुका रहे हैं लेकिन शाम को वह खाली बैठे रहे। रूटीन में जो सामान भेजने थे, वो भी नहीं भेज पाए। ये तो अधिकारियों को सोचना चाहिए कि इतना बड़ा शो शहर के बीचों बीच कैसे करा रहे हैं। स्टूडेंट आते हैं, रिहायशी इलाका है। साथ में पेट्रोल पंप हैं। शनिवार का दिन बहुत कठिन रहा है। देर रात तक युवा मार्केटों में घूमते रहे। पूरा रात दुकानों की चिंता सताती रही। - अंकित जैन, दुकानदार, सेक्टर-34 मार्केट
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें