ओ रात के मुसाफिर चंदा जरा बता दे.. मोहम्मद रफी की याद में यादगार-ए-रफी सोसायटी द्वारा आयोजित म्यूजिकल इवनिंग में यह गीत गूंजा तो ऑडियंस रोमांचित हो उठी। टैगोर थियेटर में शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान फिल्म प्यार झुकता नहीं से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री पदमनी कोल्हापुरे भी मौजूद थीं। उन्होंने यहां के गायकों के गीतों की तारीफ की।
कार्यक्रम के दौरान अभिजीत ने तुमने मुझे देखा.. और अभिजीत और श्रीदीपा ने ना ना करते प्यार तुम्ही से कर बैठे.. गीत गाया। इस मौके पर बीडी शर्मा और बबीता ने जब गीत इतना तो याद है मुझे कि तुमसे मुलाकात हुई.. गाया तो ऑडियंस की तालियों की गड़गड़ाहट रुकी नहीं।
इस मौके पर जगदीप ढांडा और राधिका ने मुझे कितना प्यार है तुमसे गीत गाया। जगदीप ढांडा प्रशासनिक अधिकारी हैं और उन्होंने अपनी गायिकी से यहां जबरदस्त तालियां बटोरीं। एसएस प्रसाद ने दिल ने प्यार किया है गीत गाया। करीब पच्चीस गाने गाए गए।
चंडीगढ़ में कला के कद्रदानों की कमी नहीं : पदमनी कोल्हापुर
अभिनेत्री पदमनी कोल्हापुरे ने कहा कि चंडीगढ़ में उन्होंने काफी टैलेंट देखा। यहां के लोग न सिर्फ गायन में रुचि लेते हैं बल्कि यहां कला के भी काफी कद्रदान हैं। उन्होंने कहा कि एक कार्यक्रम में इतनी सारी भीड़ जुटना अपनेआप में एक बड़ी बात है। यह सिटी का टेस्ट बताती है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ उनको काफी शानदार लगता है।