सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री में काम करने वाले बॉयलर ऑपरेटर को प्रशासनिक जांच का हिस्सा बनाया जा सकता है। बताया गया है कि केमिकल फैक्ट्री का ऑपरेटर कुछ महीने पहले यहां काम करता था लेकिन किसी कारणवश उसने यहां से नौकरी छोड़ दी थी। ऑपरेटर से इस बारे में जानकारी ली जाएगी कि फैक्ट्री में किस तरह का कार्य होता था और किस तरह के केमिकल प्रयोग होते थे।
मधुबन और झज्जर से आई फोरेंसिक टीम
बहादुरगढ़ के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में हुए फैक्ट्री हादसे की जांच के लिए मधुबन और झज्जर से रविवार को फोरेंसिक टीम पहुंची। टीम ने घटनास्थल पर मिले विभिन्न प्रकार के केमिकल्स के नमूने भी लिए। जांच के बाद ही घटना के समय हुए ब्लास्ट और आग लगने के बारे में पता चल सकेगा। फिलहाल घटना स्थल पर राहत बचाव कार्य जारी है।
50 प्रतिशत बचाव कार्य पूरा
एमआईई में हुए फैक्ट्री हादसे में लगातार दिन तीनों से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम काम में जुटी है। दो पोकलेन मशीन आने के बाद कार्य में तेजी आई है। 50 प्रतिशत बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। दोनों टीमें शिफ्टों में लगातार काम कर रही है। राहत व बचाव का कार्य बहादुरगढ़ एसडीएम तरुण पावरिया व बादली एसडीएम विशाल की निगरानी में चल रहा है।