पाकिस्तान की बर्बरता और कश्मीर के मुद्दे पर अमित शाह ने आक्रामक रुख अपनाते हुए बताया कि भारतीय सरकार क्या करना चाहती है। अमित शाह ने कड़ी चेतावनी देते हुए दो टूक बात कही कि तैयार रहें, अब और बर्दाश्त नहीं करेंगे।
दो मई को पाकिस्तान की ओर से सेना के दो जवानों को मौत के घाट उतार उनके शवों को खुर्द-बुर्द करने की घटना पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कहना है कि भविष्य में केंद्र सरकार ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं करेगी, यदि फिर ऐसा हुआ तो पाकिस्तान कड़े सबक के लिए तैयार रहे।
शनिवार को चंडीगढ़ में अमित शाह ने कहा कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हो सकता और इसके लिए घाटी में सुरक्षा एजेंसियां भी अपना काम पूरी शिद्दत से कर रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियों की दबिश तेज करने का ही नतीजा
Amit shah
अमित शाह ने कहा कि घाटी में सैन्य कैंपों पर आतंकी हमलों की घटनाएं हों या फिर सेना जवानों पर पत्थरबाजी के मामले ये सब घाटी में सुरक्षा एजेंसियों की दबिश तेज करने का ही नतीजा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार घाटी में हालातों को लेकर बेहद संजीदा है और सुरक्षा एजेंसियों को भी कार्रवाई के लिए पूरी छूट दी गई है।
उनके अनुसार चूंकि अब सुरक्षा एजेंसियों की दबिश घाटी में तेज हो रही है, तो आतंकियों और पाकिस्तान दोनों की बेचैनी बढ़ रही है और घाटी के मौजूदा हालात इसी का नतीजा हैं। उल्लेखनीय है कि दो मई को जेएंडके की फ्रंटियर पोस्ट पर पाकिस्तान सेना ने भारतीय सेना के दो जवानों जूनियर कमांड अफसर परमजीत सिंह और बीएसएफ के हैड कांस्टेबल प्रेम सागर को मारकर उनके शव को खुदबुर्द कर दिया था।
सच था बंकर उड़ाने का वीडियो
Amit shah
दो मई को जवानों की हत्या और शवों को खुर्द-बुर्द करने के बाद एंटी गाइडेड मिसाइलों की मदद से पाक अधिकृत कश्मीर में पाक बंकरों को नेस्तनाबूत करने का वीडियो सामने आया था। इस पर अमित शाह ने कहा कि भारत ने इस घटना का बदला ले लिया है और ये वीडियो सच तो है लेकिन इस तरह की कार्रवाई को उजागर करने की कोई जरूरत नहीं है।
शाह ने यह भी कहा कि यदि दोबारा ऐसी हरकत होती है, तो पाकिस्तान आगे भी कड़े सबक के लिए तैयार रहे। उधर, पांच मई को चंडीगढ़ वेस्टर्न कमांड में पहुंचे आर्मी चीफ विपिन रावत ने भी आला अफसरों के साथ बैठक में पाक के खिलाफ जल्द बड़ी कार्रवाई के संकेत दिए थे। इसके तुरंत बाद ही पाक बंकरों को नेस्तनाबूत करने वाला वीडियो भी सामने आ गया, लेकिन सेना ने इसकी पुष्टि अभी तक नहीं की।
कांग्रेस की वजह से हुआ कश्मीर मसले का उदय
शाह ने यह भी कहा कि कश्मीर को लेकर पाकिस्तान ने जो जिद पकड़ रखी है, उसका उदय कांग्रेस की वजह से ही हुआ है, लेकिन आज यह विवाद इस कदर नासूर बन चुका है कि घाटी में अशांति का माहौल है, लेकिन भाजपा सरकार घाटी में हालात सामान्य करने में जुटी है और इसके लिए सुरक्षा एजेंसियां भी अहम योगदान दे रही हैं।