क्या आपने कभी ऐसे विधायक को देखा है, जो अपनी ही विरोधी विचारधारा वाली पार्टी की तारीफ करता हो, ऐसे विधायक हैं, जो अपनी ही सरकार से नाराज़ चल रहे हैं, और इस नाराज़गी को जाहिर करने के लिए उनका ये विरोधी प्रेम आपको थोड़ा हैरान कर सकता है।
सरकार से असंतुष्ट विधायकों के खेमें में शामिल रेवाड़ी विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने रविवार को कांग्रेस के मंच से कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के शासन में अच्छे काम हुए थे। उनकी ओर से हुड्डा की तारीफ कांग्रेस की सीएलपी लीडर किरण चौधरी को नागवार गुजरी और उन्होंने कहा कि हुड्डा नहीं कांग्रेस शासन काल में अच्छे काम हुए थे। सभी संगठन से जुड़े हैं। संगठन से बड़ा कोई नहीं है। उधर, कांग्रेस के मंच पर पहुंचने के संबंध में सवाल पूछने पर कापड़ीवास ने कहा कि कबूली देवी उनकी भाभी थी। गांव का कार्यक्रम होने के नाते वह वहां पर गए।
रविवार को धारूहेड़ा के जौनियावास गांव में कांग्रेस नेता राजेंद्र ठेकेदार की मां कबूली देवी की स्मृति में गांव के एक सरकारी स्कूल में कमरे का उद्घाटन कार्यक्रम था। इसमें रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित कांग्रेस के दिग्गज मौजूद रहे। इसी बीच रेवाड़ी विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 10 साल के कार्यकाल में प्रदेश में बहुत अच्छे काम हुए। उनका इशारा अपनी सरकार के कामकाज पर था। भाजपा विधायक का कांग्रेस के मंच से इस तरह की बयानबाजी के बाद सियासी अफवाहों का बाजार गर्म हो गया।