अकाली-भाजपा प्रत्याशी अरुण जेटली ने कांग्रेस की ओर से कप्तान बदलने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि क्रिकेट का मैच, मैदान का जंग और चुनावी लड़ाई एक सी होती हैं जिसमें मझदार में न तो कप्तान बदले जाते हैं और न ही जरनैल। जेटली अमृतसर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। जेटली ने कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी को बैकफुट पर करने और सोनिया का भाषण हर टीवी चैनल पर दिखाने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि चुनावी मैदान ऐसा स्थान है जिसमें मझदार में लीडर नहीं बदले जाते।
कप्तान बदल कर लोगों को बेवकूफ बनाने की तैयारी में कांग्रेस
जेटली ने कहा कि इसमें चुनावी दौर में ट्रेनिंग नहीं दी जाती जो कि कांग्रेस और सोनिया गांधी राहुल गांधी के साथ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कहने के लिए कुछ नहीं है।
कांग्रेस सोच रही है कि कप्तान बदल कर एक बार फिर से लोगों को बेवकूफ बना लेंगे। एनडीए और नरेंद्र मोदी की बढ़ती लहर पर जेटली ने कहा कि कहा कि सर्वेक्षणों से पता चल रहा है कि बीजेपी 226 सीटों और एनडीए 275 सीटों के साथ जीत हासिल करेगी।
जेटली ने कैप्टन को दी सरेआम नसीहत
कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार के कारण लोग अब परिवर्तन चाहते हैं। एक स्थायी सरकार चाहते हैं। एफडीआई पर उन्होंने कहा कि इससे चार करोड़ छोटे व्यापारियों पर सीधा असर पड़ेगा जिसके तहत हर परिवार में लगभग पांच लोग होते हैं। यह आंकड़ा 20 करोड़ तक पहुंच जाएगा अर्थात भारत की आबादी का 1/6वां हिस्सा है।
इतने बड़े हिस्से पर असर का अर्थ अर्थव्यवस्था पटरी से उतर जाएगी। कांग्रेस प्रत्याशी अमरिंदर सिंह पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कैप्टन सिर्फ तू-तू-मैं-मैं की लड़ाई लड़ना चाहते हैं। उनके पास बोलने के लिए कुछ नहीं है। अगर वह अपने आप को अमृतसर के लोगों का हितैषी मानते हैं तो मुझ पर टिप्पणी करने के बजाय अमृतसर के लोगों को आ रही मुश्किलों का समाधान करें।