हरियाणा की तीन लोकसभा सीट गुरुग्राम, फरीदाबाद और भिवानी-महेंद्रगढ़ में भारतीय जनता पार्टी हैट्रिक लगाने की तैयारी में है। पिछले दो लोकसभा चुनाव में भाजपा इन तीनों सीटों पर बड़े अंतर से जीती है। पार्टी की कोशिश है कि इन सीटों पर फिर से कब्जा जमाए। मगर इस बार तीनों सीटों पर पिछली बार जैसा एकतरफा माहौल नहीं है।
फरीदाबाद व भिवानी-महेंद्रगढ़ में कुछ जगहों पर नाराजगी देखने को मिली है। भाजपा के तीनों ही उम्मीदवार मोदी से आस लगाए बैठे हैं और अपनी सभाओं में पीएम मोदी की उपलब्धियां गिनवा रहे हैं।
गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से पांच बार के सांसद केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत पर भाजपा ने तीसरी बार भरोसा जताया है। 2009 में उन्होंने इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था। वह हरियाणा के दूसरे मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। उनकी यह पारंपरिक सीट है और क्षेत्र में अच्छा रसूख है। फरीदाबाद सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर को मैदान में उतारा है। वह भाजपा के पुराने नेताओं में से हैं। वह राज्य में मंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पिछला चुनाव उन्होंने छह लाख से ज्यादा वोटों से जीता था। तब उनके सामने 27 उम्मीदवार खड़े थे, जिनमें से 25 की जमानत जब्त हो गई थी।
वहीं, भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा ने चौधरी धर्मबीर पर दांव खेला है। संसद में लिव इन को खतरनाक बीमारी बताने वाले चौधरी धर्मबीर के नाम पर अनोखा रिकॉर्ड है। वह बंसीलाल परिवार की तीन पीढ़ियों को चुनाव में हरा चुके हैं।
राव कर रहे भावनात्मक अपील, कांग्रेस पंजाबी कार्ड खेलने की तैयारी में
भाजपा उम्मीदवार राव इंद्रजीत यदि इस बार चुनाव जीतते हैं तो वह छठी बार संसद भवन पहुंचेंगे। क्षेत्र में लोकप्रिय होने के बावजूद वह जनसभाओं में मोदी के कार्य गिना रहे हैं। साथ ही लोगों से भावनात्मक अपील कर जिताने का अनुरोध कर रहे हैं। पिछले दिनों नूंह में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि वह 73 साल के हो चुके हैं। हो सकता है यह उनका आखिरी चुनाव हो।
गुरुग्राम की नौ विधानसभा में से चार-चार सीट पर भाजपा व कांग्रेस का कब्जा है। एक पर निर्दलीय विधायक है। जजपा ने गायक राहुल यादव फाजिलपुरिया को मैदान में उतारा है। वे यादव वोट में सेंध लगा सकते हैं। वहीं, कांग्रेस मेव वोट (3 लाख से ज्यादा) के साथ पंजाबी कार्ड खेलने की तैयारी में है। गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र में करीब डेढ़ लाख पंजाबी मतदाता हैं। इसलिए कांग्रेस की ओर से राज बब्बर का नाम चल रहा है। गुरुग्राम में सबसे ज्यादा वोट करीब साढ़े तीन लाख यादवों के हैं।
नूंह दंगों के बाद एकतरफा कार्रवाई से मेव में नाराजगी भी है। कांग्रेस इन्हीं के सहारे राव को टक्कर देने की तैयारी में है। कांग्रेस के सामने मुश्किल यह है कि यदि अजय यादव को टिकट नहीं मिली तो पार्टी को उनकी नाराजगी झेलनी पड़ेगी। अजय यादव एक दिन पर राज बब्बर के नाम को लेकर असंतोष जाहिर कर चुके हैं। वहीं, यदि राज बब्बर को टिकट मिलती है तो इतने कम समय में क्षेत्र में पकड़ बना पाएंगे, इस पर भी संशय है।
2019 में गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र में मत प्रतिशत
पार्टी उम्मीदवार वोट प्रतिशत
भाजपा राव इंद्रजीत 8,81,546 60.94
कांग्रेस कैप्टन अजय यादव 4,95,290 34.24
2014 में गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र में मत प्रतिशत
पार्टी उम्मीवार वोट प्रतिशत
भाजपा राव इंद्रजीत 6,44,680 48.82
इनेलो जाकिर हुसैन 3,70,058 28.02
गुर्जर के सामने रिकॉर्ड बचाने की चुनौती
फरीदाबाद सीट से भाजपा उम्मीदवार कृष्ण पाल गुर्जर के सामने रिकॉर्ड बचाने की चुनौती है। वह पिछले दो चुनावों में रिकॉर्ड मतों से जीतते आए हैं। भले ही वह पिछला चुनाव छह लाख से अधिक वोटों से जीते हैं, मगर इस बार उनकी राह इतनी आसान नहीं है। कुछ जगहों पर उनके खिलाफ लोगों में नाराजगी है। साथ ही भितरघात का भी खतरा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी सक्रिय नहीं हैं। हालांकि पूर्व सीएम मनोहर लाल और सीएम नायब सिंह सैनी उनके लिए रैलियां कर चुके हैं। जाट व गुर्जर बाहुल्य क्षेत्र भाजपा का गढ़ रहा है। क्षेत्र की नौ लोकसभा सीटों में से सात पर भाजपा का कब्जा है। एक सीट कांग्रेस के पास है जबकि एक पर निर्दलीय विधायक का कब्जा है, जो भाजपा को समर्थन देते रहे हैं। वहीं, मूलचंद शर्मा और सीमा त्रिखा राज्य सरकार में मंत्री हैं। जजपा ने जाट बिरादरी से आने वाले युवा चेहरे नलिन हुड्डा पर दांव खेला है। कांग्रेस ने महेंद्र प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है। महेंद्र प्रताप गुर्जर समुदाय से हैं। वे हुड्डा के करीबी हैं।
2019 में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में मत प्रतिशत
पार्टी उम्मीदवार वोट प्रतिशत
भाजपा कृष्णपाल गुर्जर 9,13,222 68.8
कांग्रेस अवतार भड़ाना 2,74,983 20.7
2014 में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में मत प्रतिशत
पार्टी उम्मीदवार वोट प्रतिशत
भाजपा कृष्णपाल गुर्जर 6,52,516 57.7
कांग्रेस अवतार भड़ाना 1,85,643 16.4
हैट्रिक के लिए जोर लगा रहे चौधरी धर्मबीर
भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट पर चौधरी धर्मबीर हैट्रिक लगाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। वह एक-एक गांव में जा रहे हैं। हालांकि कुछ जगहों पर उन्हें विरोध भी झेलना पड़ा। विरोध तो पिछले चुनाव में भी हुआ था। कई गांवों में उन्हें घुसने नहीं दिया गया था, मगर अंत में उन्हें ही जीत मिली है। हालांकि इस बार वह भी मोदी की उपलब्धियां गिनाकर वोट मांग रहे हैं। इस सीट पर राव इंद्रजीत का भी अच्छा प्रभाव है। पिछले चुनाव में राव इंद्रजीत ने धर्मबीर के पक्ष में चुनाव प्रचार भी किया था।
जाट और यादव वोटों की वजह से चौधरी धर्मबीर पिछले दो चुनावों में जीतते रहे हैं। दोनों ही बिरादरी इस क्षेत्र में जीत हार तय करती हैं। इसलिए कांग्रेस ने इस बार कांग्रेस विधायक राव दान सिंह को मैदान में उतारा है। हालांकि बंसीलाल परिवार की श्रुति चौधरी ने भी टिकट के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी।
वहीं, राव दान सिंह अहीरवाल वोट के आधार पर मजबूत उम्मीदवार हैं। इस लोकसभा क्षेत्र की नौ विधानसभा में से पांच पर भाजपा का कब्जा है, दो पर कांग्रेस, एक पर जजपा और एक निर्दलीय के पास है। जजपा ने नांगल चौधरी के पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। 2014 के चुनाव में वह श्रुति चौधरी से आगे रहे थे।
2019 में भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में मत प्रतिशत
पार्टी उम्मीदवार वोट प्रतिशत
भाजपा चौधरी धर्मबीर 7,36,699 63.4
कांग्रेस श्रुति चौधरी 2,92,236 25.2
2014 में भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में मत प्रतिशत
पार्टी उम्मीदवार वोट प्रतिशत
भाजपा चौधरी धर्मबीर 4,04,542 39.3
इनेलो राव बहादुर सिंह 2,75,148 26.7