श्री कीरतपुर साहिब के नजदीकी गांव फतेहपुर बुंगा साहिब में शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे दो युवक भाखड़ा नहर में डूब गए जबकि उनके साथ नहा रहा एक युवक बच गया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम था जिसके लिए दूर-दूर से रिश्तेदार आए हुए थे। गांव के साथ भाखड़ा नहर बह रही थी जिसमें तीन रिश्तेदार नहाने के लिए पहुंचे थे, जिसके बाद नहाते समय एक युवक का संतुलन बिगड़ गया तथा डूबने लगा उसे बचाने के लिए उसका जीजा विक्की भी कूद पड़ा और इस दौरान वह भी डूब गया।
पूर्व सरपंच बाली सिंह ने बताया कि उसका दोहता हनीफ मोहम्मद उर्फ विक्की (30) और हनीफ का साला दिलशाद मोहम्मद उर्फ रिक्की तथा एक अन्य युवक मोटरसाइकिल धोने व नहाने के लिए भाखड़ा नहर के किनारे गए थे। नहाते समय दिलशाद का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक नहर में डूबने लगा, उसे बचाने के लिए हनीफ मुहम्मद ने छलांग लगा दी। इसके बाद पानी के बहाव के साथ दोनों पानी में डूब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। एसडीएम श्री आनंदपुर साहिब राजपाल सिंह सेखो भी मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के साथ दुख साझा किया और गोताखोरों की की मदद से युवकों की तलाश शुरू करवाई। उन्होंने युवाओं को नहर में नहाने पर पूर्ण तौर पर पाबंदी लगाने की बात कही है।
हनीफ मुहम्मद उर्फ विक्की ढिलवा जालंधर का रहने वाला है, उसके दो बच्चे हैं। दिलशाद मुहम्मद की कुछ समय पहले शादी हुई थी। उनके परिजन मौके पर पहुंच गए हैं और उनका रो रो कर बुरा हाल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जिस जगह पर आज हादसा हुआ है, वहां चारों ओर रेलिंग लगाना बहुत जरूरी है।