लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी में जुटी भाजपा इस बार सर्जिकल स्ट्राइक और डोकलाम पर कूटनीतिक जीत को भी चुनाव में भुना सकती है। इसके अलावा कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन ऑल आउट’, वन रैंक, वन पेंशन व इंटरनेशनल कोर्ट में कुलभूषण जाधव केस में जीत के मसले पर भी भाजपा अपना चुनावी दांव खेलेगी। इसके लिए भाजपा ने पीएम मोदी के गुणगान संबंधित 52 सूत्रीय एजेंडा तैयार कर लिया है। जो आमजन के बीच परचों के रूप में पहुंचाया जाएगा।
इस एजेंडे पर केंद्रित हरियाणा भाजपा भी एक बार फिर से प्रदेश में पीएम मोदी की ‘मनोहर’ लहर तैयार करेगी, ताकि एक बार फिर से भाजपा के पक्ष में चुनावी माहौल बनाया जा सके। भाजपाई अब फिर से इस एजेंडे के दम पर वोटरों का दिलोदिमाग एक बार ‘मोदी केंद्रित’ करेंगे। हरियाणा में भाजपाई अब लोकसभा चुनावों तक पीएम नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का गुणगान करते नजर आएंगे। इसके लिए हरियाणा भाजपा ने अपना खाका और तैयारी दोनों मुकम्मल कर ली है। इसी कड़ी में 9 जून से भाजपा हरियाणा में बूथ स्तर पर इसी पर केंद्रित जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी।
इसके अलावा मंडल स्तर पर इन्हीं उपलब्धियों का गुणगान करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा इकाई बाइक रैलियां निकालेगी। इन संपर्क अभियानों में बुद्धिजीवियों, प्रबुद्ध व्यक्तियों और आमजन को ये बताया जाएगा कि मोदी सरकार ने चार साल में क्या-क्या उपलब्धियां हासिल की हैं। लोगों को मोदी राज में शुरू की गई ‘पॉलीटिक्स फॉर परफोरमेंस’ का मतलब भी समझाया जाएगा। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला और सीएम के मीडिया एडवाइजर राजीव जैन ने बताया कि फिर भी एक बार फिर मोदी सरकार की नीतियां हरियाणा में आमजन तक पहुंचाई जाएंगी।
‘ऑपरेशन आल आउट’ से भी मजबूत होगी सियासी जमीन
हरियाणा में मोदी सरकार का जो गुणगान किया जाएगा, उसका एजेंडा तैयार है। इसमें घाटी में आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ऑल आउट’ उज्जवला योजना, नमो हेल्थकेयर, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्वच्छ भारत मिशन, फसल एमएसपी बढ़ाना, यूरिया की कालाबाजारी खत्म करना, सर्जिकल स्ट्राइक, 104 सैटेलाइट्स के साथ अंतरिक्ष की उड़ान, मेक इन इंडिया, आतंकियों का खात्मा, वन रैंक, वन पेंशन, डोकलाम विवाद पर जीत, नोटबंदी, जीएसटी, कुलभूषण यादव मामले में इंटरनेशनल कोर्ट में जीत, एक्शन अंगेस्ट करप्शन, अटल पेंशन योजना, फसल बीमा योजना, पीएम कृषि योजना, डीबीटी, उड़ान योजना समेत अन्य उपलब्धियां शामिल हैं।