परमपाल कौर सिद्धू, अनीता सोमप्रकाश, मंजीत सिंह
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा ने पंजाब में तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। इनमें दो महिला प्रत्याशी शामिल हैं। होशियारपुर से अनीता सोमप्रकाश को टिकट दिया गया है। वे केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश की पत्नी हैं।
खडूर साहिब से मंजीत सिंह मन्ना मियाविंड और बठिंडा से पूर्व आईएएस परमपाल कौर को टिकट दिया गया है। परमपाल कौर कुछ दिन पहले ही सर्विस से वीआरएस लेकर भाजपा में शामिल हुई थीं। वे वरिष्ठ अकाली नेता सिकंदर सिंह मलूका की बहू हैं।
पंथक छवि के मन्ना पर लगाया दांव
भाजपा ने खडूर साहिब लोक सभा सीट से पूर्व विधायक मंजीत सिंह मन्ना पर दांव खेला है। मंजीत सिंह मन्ना पहले अकाली दल में थे। पिछले वर्ष ही वे भाजपा में शामिल हुए थे। लगभग 49 वर्ष मन्ना की शिक्षा 12वीं तक है। उन्होंने सरकारी सीनियर सकेंडरी स्कूल खलचियां से वर्ष 1992 में 12वीं कक्षा पास की थी। उनकी पत्नी बुटीक चलाती है। वे खेतीबाड़ी करते हैं। मन्ना खडूर साहिब विधानसभा से अकाली दल की टिकट पर वर्ष 2002 और 2012 में विधायक चुने जा चुके है। वह भाजपा के जिला अमृतसर ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष भी हैं।