भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने हरियाणा के सभी पार्टी सांसदों एवं विधायकों को पत्र लिखकर बैंक अकाउंट का विवरण निर्धारित अवधि में पार्टी कार्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जनप्रतिनिधियों से बैंक अकाउंट विवरण मांगना राजनीति को स्वच्छ करने की दिशा में बेहतरीन कदम है।
अन्य दलों को भी उनकी सलाह है कि वे भी अपने जनप्रतिनिधियों को बैंक जानकारी देने के लिए प्रेरित करें। बराला ने कहा कि बैंक अकाउंट डिटेल देने के निर्देश राजनीति की धूमिल होती छवि को सुधारने में कारगर सिद्ध होगा। बोफोर्स घोटाला, 2जी घोटाला, राष्ट्रमंडल घोटाला व कोयला घोटालों से भारतीय राजनीति न केवल बदनाम हुई है, बल्कि इसके अंदर गंदगी और बढ़ी है। नरेंद्र मोदी इसे स्वच्छ कर आमजन के मन में राजनीतिक सोच को पहले के मुकाबले बेहतर बनाना चाहते हैं।