शहर के कंपनी बाग में सुबह कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन अमरिंदर सिह और अकाली-भाजपा प्रत्याशी अरुण जेटली आमने-सामने आ गए। दोनों के समर्थकों ने अपने प्रत्याशी के लिए नारेबाजी की। दोनों उम्मीदवार कंपनी बाग में सैर करने वाले लोगों को अपने-अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए पहुंचे हुए थे।
हाथ तो मिले लेकिन दिल नहीं
शहर के कंपनी बाग में सुबह की सैर करने पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन अमरिंदर सिह और अकाली-भाजपा प्रत्याशी अरुण जेटली दोनों एक-दूसरे को देखकर रुके और हाथ मिलाया। आपस में हंसकर बात भी की। बाद में जेटली के साथ मुलाकात पर कैप्टन ने कहा कि दिल्ली के मेहमान से उनकी मुलाकात अच्छी रही।
सरकार के प्रति लोगों का मोह भंग
कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन अमरिंदर सिह ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार के प्रति लोगों का मोह भंग हो चुका है और लोग गुस्से में हैं। यह सोच आम आदमी व निष्पक्ष लोगों की है। कंपनी बाग में सैर के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों से संबंधित लोगों ने कैप्टन को रोककर अपनी समस्याएं बताईं। जो मुद्दे राज्य व विशेषकर अमृतसर से जुड़े थे। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर को समर्थन देने का भरोसा दिया।
...बहुत शानदार तजुर्बा रहा
पत्रकारों के साथ बातचीत में कैप्टन ने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों से अनौपचारिक बातचीत करना था, ताकि उनकी सही राय पता चल सके। उन्होंने कहा कि सुबह की सैर करने वाले सच्चाई को बिना किसी पक्षपात से बोलते हैं। लोगों के साथ आमने-सामने मुलाकात करना और उनके विचार जानना उनके लिए बहुत शानदार तजुर्बा रहा।