पंजाब के मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के सभी गदगद हैं। पंजाब के राजस्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा है कि नगर निगम चुनावों में जीत से चंडीगढ़ में अकाली भाजपा ने सेमीफाइनल जीत लिया है, अब फाइनल पंजाब में जीतेंगे। विपक्षी दलों का नोटबंदी को लेकर जनता को गुमराह करने का मुददा अब हवा हो गया है। जनता ने नोटबंदी पर अपनी मोहर लगा कर मोदी सरकार के फैसले को सलाम किया है।
मजीठिया मंगलवार को लाढोवाल में एनडीआरएफ हैडक्वार्टर के नींव पत्थर समारोह के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। मजीठिया ने कहा कि पंजाब में अकाली भाजपा का मुद्दा सिर्फ विकास है। जबकि कांग्रेस विकास के मुद्दे पर कहीं खड़ी नहीं दिखती। जब विस में विपक्षी नेता चरणजीत चन्नी से पूछा गया था तो उन्होंने कैप्टन सरकार के पांच साल के कार्यकाल में सड़कों पर पैच लगाने की उपलब्धि विकास के रूप में गिनाई थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं है। एक तरफ किसानों से कर्ज माफी के फार्म भरवाए जा रहे हैं, दूसरी तरफ कर्ज माफी के लिए राहुल गांधी पीएम मोदी से मुलाकात कर रहे हैं। इससे भी कांग्रेस का दोहरा चेहरा साफ हो रहा है। शिअद के नेताओं का दूसरी पार्टियों में जाने पर मजीठिया ने कहा कि यह भी समय होता है। ऐसे लोगों की न कोई सोच है, न विचारधारा, उनका मकसद केवल टिकट पाना है।
मजीठिया ने दावा किया कि किसानों को जितनी ज्यादा सहुलियतें अकाली भाजपा सरकार ने दी हैं, आज तक कोई सरकार नहीं दे पाई है। इस अवसर पर सिंचाई मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे।