शिरोमणि अकाली दल (बादल) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मजीठिया ने एक ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट में अपील की है कि पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में जो भी लोग आए हैं, वह अपनी सेहत के प्रति जागृत रहे, वह टेस्ट करवाएं। मजीठिया ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है।
पंजाब में कोरोना से 23 और मौतें, 692 नए केसों की पुष्टि
पंजाब में कोरोना महामारी के कारण गुरुवार को 23 और लोगों की मौत गई, जबकि बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना के 692 नए पॉजिटिव मरीजों के केस भी सामने आए हैं। राज्य में इस महामारी से अब तक कुल 4412 लोगों की मौत हो चुकी है। पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 139869 तक पहुंच गई है। इनमें से 130018 मरीज ठीक भी हुए हैं।
राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 5439 मरीज गंभीर हालत में दाखिल हैं, जिनमें से 134 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 17 वेंटिलेटर पर हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गुरुवार को कोरोना के कारण पटियाला में 4, फिरोजपुर में 3, बठिंडा, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मोहाली, रोपड़ व पठानकोट में 2-2 और मुक्तसर व संगरूर में 1-1 मरीज की मौत हो गई। वहीं, बीते 24 घंटे के दौरान स्वस्थ हुए 469 मरीजों को छुट्टी दे दी गई।