चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के ब्वॉयज हॉस्टल-2 की पार्किंग से चोरों ने महज तीन मिनट में बाइक उड़ा ली। वारदात शनिवार दोपहर की है। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि दो व्यक्ति गेट नबंर-2 से स्कूटी पर सवार होकर ब्वॉयज हॉस्टल-2 की पार्किंग में पहुंचे। इनमें से एक ने बाइक का लॉक तोड़ा और फिर दोनों गेट नंबर-1 से बाइक और स्कूटी से बाहर निकल गए। छात्रों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।हॉस्टल में रहने वाले छात्र सोनी ने बताया कि चोरी हुई बाइक यूआईईटी के छात्र की है। चोर गेट नंबर-2 से कैंपस में दाखिल हुए उनकी कोई जांच नहीं हुई। पार्किंग से बाइक चुराकर आरोपी गेट नबंर-1 से निकल गए। वहां का सीसीटीवी कैमरा खराब है। बताया कि पीयू में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छात्र कई बार शिकायत और प्रदर्शन कर चुके हैं लेकिन चोरी की घटनाएं आम हो गईं हैं।
छह माह में कई वारदातें, एक भी चोर नहीं पकड़ा
पिछले छह माह में पीयू में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं लेकिन एक भी चोर पकड़ा नहीं गया है। दो बार विभागों के सामने से दिनदहाड़े गाड़ी का शीशा तोड़कर चोरी की वारदात हो चुकी है। वहीं हॉस्टल से भी साइकिलें और लैपटॉप चोरी हो रहे हैं, छात्र वार्डन से लेकर पीयू सिक्योरिटी को शिकायतें दे चुके हैं लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही।
ब्वॉयज हॉस्टल-4 से सात लैपटॉप चोरी, कोई कार्रवाई नहीं
पीयू के ब्वॉयज हॉस्टल-4 से पिछले दिनों में सात लैपटॉप चोरी हुए थे। अब मेस और कैंटीन में भी कई छात्र डर के मारे लैपटॉप साथ लेकर जाते हैं लेकिन पीयू सिक्योरिटी की ओर से सुरक्षा के कोई पुख्ता प्रबंध नहीं किए जा रहे हैं। छात्रों की ओर से प्रदर्शन कर दबाव बनाए जाने पर कहा जाता है कि स्टाफ की कमी है, लेकिन स्टाफ भर्ती करना भी प्रशासन का काम है।
- आयुष खटकड़, अध्यक्ष, पीयू छात्र संघ