चंडीगढ़। सेक्टर-41 में बाइक सवार दो झपटमार महिला से एक तोले सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। वारदात के समय महिला मार्केट से सामान लेने जा रही थी। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।
वारदात वीरवार सुबह करीब 10 बजे की है। शिबी देवी सेक्टर-41 में परिवार समेत रहती हैं। सुबह 10 बजे वह सेक्टर की मार्केट में अकेले सामान लेने जा रही थी। मकान नंबर 34/35 के पास पहुंची तो एक बाइक अचानक उनके सामने आकर रुक गई। इतने में बाइक के पीछे बैठा युवक गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। शोर-शराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस बयान में महिला ने बताया कि आरोपी काले रंग के मोटरसाइकिल पर सवार थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, लेकिन मास्क लगा रखा था। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।