वर्ल्ड कप 2019 के क्रेज को देखते हुए चंडीगढ़ में सिटको के होटलों में बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर भारत के सभी मैच दिखाए जाएंगे। सिटको ने बिग टीवी स्क्रीन का प्रबंध किया है। मैच देखने के लिए आने वाले लोगों के लिए स्पेशल मेन्यू भी तैयार किया गया है। होटल माउंटव्यू में वेजिटेरियन और नॉन वेजिटेरियन फूड की व्यवस्था की गई है। ऐसे में मैच देखते हुए इन व्यंजनों का आनंद उठाया जा सकता है।
फूड मेन्यू में फ्रेश लाइम जूस, स्मूदर सिक्सर, डेयर डेविल, धोनी पंच, थर्ड मैन, कैप्टन कूलर, स्टंप्स-फ्रैंच फ्राइज, स्कवायर कैट, फिश कटलेट्स, लॉंग ऑन-ग्रिल्ड फिश, डीप फाइन लैग-मुर्ग मलाई कबाब, पॉवर प्ले-मटन सीख सहित अन्य कई लाजवाब डिश रखी गई हैं। इसी तरह होटल शिवालिक व्यू के क्लाउड 9 में भी विशेष व्यवस्था है। रेस्टोरेंट ने स्पेशल क्रिकेट फूड ऑफर किया है, जिसका मैच के साथ आनंद लिया जा सकता है। मेन्यू 200 रुपये से शुरू होता है, जिसमें फूड व बेवरेज आइटम उपलब्ध हैं।
केवल भारत के मैच ही दिखाए जाएंगे
सिटको के चीफ जनरल मैनेजर राकेश पोपली के अनुसार, जिन मैचों में इंडिया खेलेगा, केवल वही मैच होटलों में दिखाए जाएंगे। होटल माउंटव्यू के जनरल मैनेजर अनुराग वालिया के मुताबिक, रेस्टोरेंट क्रिकेट मैच देखने का सबसे पर्याप्त स्थान है। इसके लिए स्पेशल मेन्यू भी तैयार किया गया है।