चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच के महामुकाबले के लिए ट्राइसिटी में जबरदस्त उत्साह है। रविवार दोपहर को भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। भारत गेंदबाजी कर रहा है। वहीं, इस फाइल मैच के लिए दिखाने के लिए होटलों, क्लबों के साथ ही मार्केटों, मॉल में विशेष तैयारियां हो चुकी हैं।
युवाओं को लोकल हीरो शुभमन गिल से टीम इंडिया के ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल से शतक की उम्मीद है। वे इस समय पूरी फॉर्म में हैं। शहर के पूर्व भारतीय क्रिकेटर और युवा क्रिकेटरों का कहना है कि चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में वे अहम भूमिका निभाएंगे।
वहीं शहर के लोगों के लिए चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला देखने के लिए एलांते मॉल में सबसे बड़ी स्क्रीन 36x16 फीट स्थापित की गई है। यहां दर्शक इस रोमांचक मुकाबले का आनंद ले सकेंगे।
पूर्व क्रिकेटर दिनेश मोगिंया बोले- टॉप-4 का परफॉरमेंस देना जरूरी
चंडीगढ़ के रहने वाले और भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर दिनेश मोंगिया ने कहा, ‘रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। फाइनल के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं। लेकिन हमें न्यूजीलैंड टीम को हलके में नहीं लेना होगा। भारत को अगर चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल जीतना है तो टॉप 4 बल्लेबाजों को बेहतर खेल दिखाना होगा।
भारतीय टीम मुकाबले को जीतने में सक्षम : तानिया भाटिया
शहर की रहने वाली भारतीय महिला टीम की विकेट कीपर रहीं तानिया भाटिया ने उम्मीद जताई है कि टीम इंडिया एकजुट होकर इस फाइनल मुकाबले को जीतने में पूरी तरह से सक्षम है। इसके लिए मेरी और शहरवासियों की शुभकामनाएं भारतीय टीम के साथ है।