चंडीगढ़ प्रशासन आज शहरवासियों को दो बड़ी सुविधाएं देने जा रहा है। इसके लिए दो मोबाइल ऐप लॉन्च किए जाएंगे।
इसके बाद आपको बस क्यू शेल्टर पर देर तक खड़े होकर बस का इंतजार नहीं करना होगा। बस के आने-जाने का समय आपके पास होगा। बस रूट संबंधी पूरी जानकारी आपको अपने स्मार्ट फोन पर मिल जाएगी।
यह सुविधा माईचंडीगढ़ मोबाइल एप के जरिये उपलब्ध होगी। इसी के तहत सिटी बस गाइड एप भी काम करेगा। इसके अलावा बिजली-पानी के बिलों का भुगतान करने के लिए ई-पेमेंट मोबाइल एप भी लांच किया जा रहा है।
दोनों एप वीरवार को एडवाइजर विजय कुमार देव यूटी सचिवालय में लांच करेंगे। एप लांच होने के बाद लोग घर बैठे बिजली-पानी के बिल भर सकेंगे। इसके अलावा वह चाहें तो ई-संपर्क सेंटर पर जाकर भी बिल अदा कर सकते हैं।