एनसीसी अधिकारियों, केयरटेकर्स और एनसीसी कैडेट्स को हरियाणा की बीजेपी सरकार बहुत बड़ा तोहफा देने जा रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एनसीसी अधिकारियों, केयरटेकर्स और एनसीसी कैडेट्स के विभिन्न प्रोत्साहनों एवं भत्तों में वृद्धि को स्वीकृति प्रदान की है।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस वृद्धि से अफसरों के रैंक वेतन, केयरटेकर भत्ते, अफसरों के आउटफिट भत्ते, वार्षिक प्रशिक्षण अनुदान, अफसरों के मानदेय और अफसरों एवं कैडेट्स के दैनिक भत्ते में वृद्धि होगी। इन वृद्धि से लगभग 1.50 करोड़ रुपये वार्षिक का वित्तीय भार बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ मंडल या वरिष्ठ विंग अधिकारियों का केयरटेकर भत्ता 500 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह और कनिष्ठ मंडल या कनिष्ठ विंग अधिकारियों का केयरटेकर भत्ता 400 रुपये प्रतिमास से बढ़ाकर 1200 रुपये प्रतिमाह किया गया है।
इसी प्रकार, पहले कमीशन पर दिए जाने वाले 1200 रुपये के आउटफिट भत्ते को बढ़ाकर 5000 रुपये किया गया है जो सात साल में एक बार दिया जाएगा। एनसीसी के एक विंग से दूसरे विंग अर्थात थल, जल, एवं वायु विंग में स्थानांतरण पर दिए जाने वाले आउटफिट भत्ते को 1200 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये किया गया है।
अधिकारी अपने समस्त सेवाकाल में यह भत्ता केवल एक बार प्राप्त करने का पात्र होगा। वर्दी के रखरखाव के लिए एनसीसी में सेवा के हर वर्ष के अंत में देय 480 रुपये वार्षिक के आउटफिट रखरखाव भत्ते को बढ़ाकर 1800 रुपये वार्षिक किया गया है, जिसकी दर 150 रुपये प्रतिमाह है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र कंपनी सहित हर एनसीसी कंपनी का वार्षिक प्रशिक्षण अनुदान 2000 रुपये वार्षिक से बढ़ाकर 6000 रुपये वार्षिक और प्रत्येक एनसीसी ट्रूप (कनिष्ठ मंडल) का यह अनुदान 1000 रुपये वार्षिक से बढ़ाकर 3000 रुपये वार्षिक किया गया है।
इसी प्रकार, महिला मंडल सहित वरिष्ठ मंडल एवं कनिष्ठ मंडल के एएनओज का दैनिक भत्ता 35 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 130 रुपये प्रतिदिन और एनसीसी कैडेट्स का भत्ता 30 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 125 रुपये प्रतिदिन किया गया है।