अमिताभ बच्चन के नाम पर लाखों ठगने वाला भट्ट शातिर था। उसने लोगों को ठगने से पहले स्क्रिप्ट तैयार की थी। उसी पर वह काम करता था। पुलिस को दी शिकायत में दीप्ति ने बताया है कि किसी को आरोपी पर संदेह न हो, इसके लिए अक्सर फोन पर वह एक व्यक्ति से बात करता था। उसका नाम उसने राजेश बताया था। साथ ही कहा कि वह अमिताभ बच्चन का मैनेजर है। उनका सारा काम वही देखता है।
ठगी के बाद दीप्ति ने अमिताभ के ऑफिस में संपर्क किया है। उन्हें ई-मेल के जरिए एफआईआर की कॉपी भी भेजी है। साथ ही ऐश्वर्या राय के मैनेजर से भी उन्होंने संपर्क किया है और पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली में हुई लाखों रुपये की ठगी के बारे में बताया है।
दीप्ति का कहना है कि आरोपी जल्द से जल्द काबू में आ जाएं और उससे ठगी की पूरी रकम बरामद हो जाए। वहीं, थाने में ठगी का शिकार हुए लोग लगातार पहुंच रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।