कैप्टन अमरिंदर सिंह (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को एलान किया कि नीट की परीक्षा के मद्देनजर इस बार 13 सितंबर यानी रविवार को राज्य में कर्फ्यू नहीं लगेगा। हालांकि गैर-जरूरी वस्तुओं की दुकानें बंद रहेंगी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार ने सभी शहरों और कस्बों में कर्फ्यू लगाया हुआ है लेकिन इस रविवार रुकावट रहित यातायात के लिए इसमें छूट दी जाएगी। फेसबुक पर ‘कैप्टन से सवाल’ लाइव सेशन के दौरान अबोहर के एक व्यक्ति के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी।
फीस न भरने पर छात्रा को ऑनलाइन क्लास से हटाया, सीएम के निर्देश के बाद रखा
मुक्तसर के एक निवासी ने शिकायत की कि संत बाबा गुरमुख सिंह पब्लिक स्कूल ने ऑनलाइन शिक्षा समूह में से एक विद्यार्थी को फीस अदा न करने के कारण बाहर निकाल दिया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सुबह ही डिप्टी कमिश्नर को यह मसला सुलझाने के निर्देश दे दिए थे। उन्हें बताया गया है कि शिकायतकर्ता की बेटी को अब क्लास लगाने की इजाजत दे दी गई है।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्कूलों की ऐसी मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि उन्हें स्पष्ट निर्देश हैं कि फीस अदा न करने के कारण किसी भी विद्यार्थी को हटाया न जाए। पटियाला के एक निवासी ने गांव घग्गा में एक पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थापित किए जाने संबंधी लंबित पड़े प्रस्ताव के बारे में पूछा। इस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि घग्गा में एक आईटीआई की स्थापना के लिए पहले ही मंजूरी दे दी गई है जोकि राज्य भर में स्थापित की जाने वाली 19 आईटीआई के प्रस्ताव का एक हिस्सा है।
वह स्थानीय प्रशासन को इस संबंध में कार्य करने के जल्द निर्देश देंगे। मलोट के एक निवासी ने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह कॉलेज का प्रबंधन अकालियों ने कथित तौर पर अपने कब्जे में ले लिया था। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे डिप्टी कमिश्नर को इस मसले की जांच और जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहेंगे।