हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से भारतीय प्रशासनिक सेवा के 18 अधिकारियों के स्थांनातरण और नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, आबकारी एवं कराधान आयुक्त और सचिव सुधीर राजपाल को सहकारिता विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक व सचिव अंकुर गुप्ता जोकि राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान योजना के अंतर्गत उच्चतर शिक्षा विभाग में राज्य परियोजना निदेशक और राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद में पदेन भी थे, को अब मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग का प्रधान सचिव लगाया गया है।
नगर एवं ग्राम आयोजन व शहरी संपदा विभाग के महानिदेशक व सचिव अनुराग रस्तोगी को पर्यावरण विभाग और मोनिटरिंग एवं कोआर्डिनेशन विभागों का प्रधान सचिव लगाया गया है। इनके अलावा तकनीकी शिक्षा विभाग के महानिदेशक व सचिव संदीप गर्ग को उनके मौजूदा कार्यभार के अलावा पर्यटन विभाग के महानिदेशक व सचिव पद के साथ-साथ पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक का कार्यभार भी सौंपा गया है।
सूचना, जन संपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य, भाषाएं व शिकायत निवारण विभाग के महानिदेशक व सचिव अभिलक्ष लिखी को उनके मौजूदा कार्यभार के अलावा आतिथ्य सत्कार विभाग के महानिदेशक और सचिव पद का कार्यभार भी सौंपा गया है।
श्रम आयुक्त एवं श्रम विभाग के सचिव अरुण कुमार गुप्ता, जोकि उद्योग एवं वाणिज्य और खान एवं भू-विज्ञान विभाग के महानिदेशक एवं सचिव भी थे, को नगर एवं ग्राम आयोजना व शहरी संपदा विभाग और खान एवं भू-विज्ञान विभाग का महानिदेशक व सचिव लगाया गया है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के महानिदेशक व सचिव अशोक कुमार यादव को उनके मौजूदा कार्यभार के अलावा हैफेड के प्रबंध निदेशक का कार्यभार भी सौंपा गया है। औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के महानिदेशक व सचिव एसके गोयल को उनके मौजूदा कार्यभार के अलावा गृह-1 विभाग के सचिव और लोकायुक्त हरियाणा के कार्यालय के सचिव का कार्यभार सौंपा गया है।
इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी के महानिदेशक व सचिव और हारट्रोन के प्रबंध निदेशक विजेंद्र कुमार को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव का कार्यभार सौंपा गया है। हरियाणा मिनरल्स लिमिटेड नई दिल्ली के प्रबंध निदेशक और हरियाणा सामान्य प्रशासन व प्रशासनिक सुधार विभाग के सचिव डी. सुरेश को गुड़गांव का आयुक्त, स्वास्थ्य एवं पोषाहार मेवात क्षेत्र गुड़गांव का विशेष आयुक्त और मेवात विकास एजेंसी का अध्यक्ष लगाया गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के महानिदेशक व सचिव और कॉन्फेड के प्रबंध निदेशक सीआर राणा को उनके मौजूदा
कार्यभार के अलावा श्रम विभाग के श्रम आयुक्त व सचिव का कार्यभार भी सौंपा गया है।
हरियाणा सचिवालय स्थापना, निगरानी एवं समन्वय प्रकोष्ठ व डिफेंस विभाग के सचिव और खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजबीर सिंह को उनके मौजूदा कार्यभार के अलावा सामान्य प्रशासन व प्रशासनिक सुधार विभागों के सचिव का कार्यभार भी सौंपा गया है।
नागरिक उड्डयन विभाग के सलाहकार व सचिव, टीएफएएच हरियाणा भवन नई दिल्ली के प्रशासक और हैफेड के प्रबंध निदेशक श्यामल मिश्रा को आबकारी एवं कराधान विभाग का आयुक्त व सचिव और नागरिक उड्डयन विभाग का सलाहकार व सचिव तथा टीएफएएच हरियाणा भवन, नई दिल्ली का प्रशासक लगाया गया है।
रोहतक मंडल के आयुक्त, गुड़गांव मंडल के आयुक्त, स्वास्थ्य एवं पोषाहार मेवात क्षेत्र के अध्यक्ष और मेवात विकास एजेंसी के अध्यक्ष राजीव रंजन को उनके वर्तमान रोहतक मंडल के आयुक्त के कार्यभार के अलावा हिसार मंडल के आयुक्त का कार्यभार भी सौंपा गया है। सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार डब्ल्यूएस गोयत को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा सहकारी चीनी मिल प्रसंघ के प्रबंध निदेशक का कार्यभार भी सौंपा गया है।
लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) एवं वास्तुकला विभाग के विशेष सचिव और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के विशेष सचिव व अक्षय ऊर्जा हरियाणा के निदेशक बलराज सिंह को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा उच्चतर शिक्षा विभाग के निदेशक व विशेष सचिव और राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान योजना के अंतर्गत उच्चतर शिक्षा विभाग में राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद (पदेन) के राज्य परियोजना निदेशक का कार्यभार भी सौंपा गया है।
गृह-1 विभाग के विशेष सचिव और लोकायुक्त हरियाणा कार्यालय के सचिव चंद्रशेखर को विकास एवं पंचायत विभाग का निदेशक व विशेष सचिव और ग्रामीण विकास विभाग का निदेशक व विशेष सचिव लगाया गया है। गृह-2 विभाग के अतिरिक्त सचिव और संयुक्त आयुक्त गुरुद्वारा एसके बेहरा को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा उद्योग व वाणिज्य विभाग के निदेशक और अतिरिक्त सचिव का कार्यभार भी सौंपा गया है।