पूरी तरह से चुनावी फार्म में आ चुके हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ जमकर बोला। कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में गए बीरेंद्र सिंह के लिए हुड्डा ने नाच न आए आंगन टेढ़ा तक की कहावत कह दी। उन्होंने पूर्व राज्यसभा सांसद बीरेंद्र सिंह द्वारा लगाए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि बीरेंद्र सिंह को पार्टी में महामंत्री उन्होंने ही बनाया था। वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव के दौरान उचाना में बीरेंद्र के भाषण का हवाला देते हुए हुड्डा ने कहा कि उनके बयान आधारहीन और स्वार्थपूर्ण है।
कांग्रेस पार्टी मजबूत है और राज्य में तीसरी बार कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है। वर्ष 2009 के चुनाव में वे चुनाव हार गए थे। अब वे राजनीतिक धरातल तलाश रहे हैं। बीरेंद्र सिंह को अब सावन के अंधे की तरह सब हरा ही हरा दिख रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले साढे़ नौ वर्ष में कई क्षेत्रो में हरियाणा को 14वें नंबर से पहले नंबर पर खड़ा किया है। इनेलो के नेता आज खिसियानी बिल्ली खंभा नोचें वाली बात कर रहे है।