नरेंद्र चंचल: चंडीगढ़ के क्लब के सदस्यों के साथ नरेंद्र चंचल।
- फोटो : फाइल फोटो
भजन सम्राट नरेंद्र चंचल का चंडीगढ़ से भी गहरा नाता था। वे चंडीगढ़ के एक क्लब के साथ पिछले 15 साल से जुड़े हुए थे। नरेंद्र चंचल ने इस क्लब के 25 वर्ष पूरे होने पर इस साल होने वाले आयोजन में आने का वादा किया था, लेकिन इससे पहले ही उनकी सांसें थम गई। पिछले वर्ष उनकी बुकिंग लॉकडाउन के कारण स्थगित हो गई थी।
15 साल से हर साल चंचल चंडीगढ़ के सेक्टर 28 में जय मां क्लब के कार्यक्रम में भजनों की अमृत वर्षा करते आ रहे थे। जय मां क्लब की ओर से हर वर्ष नवरात्र में चंचल को मां की भेंटें गाने के लिए बुलाया जाता था। पिछले वर्ष चैत्र के पहले नवरात्र में उनकी बुकिंग थी लेकिन लॉकडाउन के कारण उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया था।
यह भी पढ़ें - जालंधर को अपना प्यार मानते थे भजन सम्राट नरेंद्र चंचल, श्री देवी तालाब मंदिर को लेकर थी अपार श्रद्धा
जय मां क्लब के अध्यक्ष मनु भसीन ने बताया कि इस वर्ष भी हम लोगों ने जून में माता की चौकी की बुकिंग करवाई थी। जून में बुकिंग इसलिए करवाई थी, क्योंकि उस समय बच्चों की छुट्टी होती है। हमारे क्लब को इस साल 25 साल हो जाएंगे। भजन सम्राट नरेंद्र चंचल ने कहा था कि जय मां क्लब के 25 वर्ष पूरे होने पर वह चंडीगढ़ आएंगे और धूमधाम से कार्यक्रम मनाएंगे लेकिन उनका यह वादा अधूरा ही रह गया।
भजन सम्राट नरेंद्र चंचल का शुक्रवार को दिल्ली में निधन हो गया है। वह 80 साल के थे। नरेंद्र चंचल पिछले तीन महीने से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था। उनके ब्रेन में क्लोटिंग थी। चंचल अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं।