चंडीगढ़। प्रशासन के सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के तहत आरक्षित सीटों के आवंटन को लेकर अहम सूचना जारी की है। विभाग के संज्ञान में आया है कि सेक्टर-26 के नारी निकेतन के निवासियों की ओर से भी इस श्रेणी में आवेदन किए गए हैं जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नारी निकेतन एक सरकारी संचालित संस्थान है, जहां जरूरतमंद महिलाओं को आश्रय, देखभाल और पुनर्वास की सुविधा प्रदान की जाती है। ऐसे में वहां रह रहे व्यक्ति पहले से ही सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इसी आधार पर प्रशासन ने तय किया है कि वर्तमान आवंटन प्रक्रिया में सरकारी संस्थानों में रह रहे व्यक्तियों के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
हालांकि, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मिशन वात्सल्य के तहत संचालित आफ्टरकेयर होम्स में रह रहे विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों को इस प्रक्रिया में पात्र माना जाएगा। उनके आवेदन निर्धारित नियमों के अनुसार स्वीकार किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय सीमित संसाधनों के न्यायसंगत और समान वितरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। ईडब्ल्यूएस श्रेणी का लाभ उन परिवारों तक पहुंचाना प्राथमिकता है, जो किसी भी प्रकार की संस्थागत सहायता के दायरे में नहीं हैं और आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति में स्वतंत्र रूप से जीवन यापन कर रहे हैं।
ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 11 सीटें खाली
विभाग के अनुसार वर्तमान में ईडब्ल्यूएस श्रेणी के तहत कुल 11 सीटें खाली हैं। इन सीटों को भरने के लिए जल्द ही नई आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके तहत केवल वही परिवार आवेदन कर सकेंगे, जो निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करते हों और किसी सरकारी आवासीय संस्थान का लाभ नहीं ले रहे हों। इच्छुक और पात्र आवेदकों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता शर्तें और आवेदन पत्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।