पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह
- फोटो : file
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या मामले में सीबीआई के प्रमुख गवाह रहे बलविंदर सिंह ने धमकी दी है कि अगर अप्रैल के मध्य तक उसे इनामी राशि न मिली तो वह पंजाब गर्वनर हाउस के सामने सुसाइड कर लेगा।
चंडीगढ़ में अपने वकील सुभाष कुमार के साथ प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बलविंदर सिंह ने बताया कि अभी तक सीबीआई ने उन्हें 10 लाख रुपये की घोषित इनाम राशि का भुगतान नहीं किया है।
चंडीगढ़ प्रशासन ने इनाम के रूप में 30 हजार रुपये दिए, जबकि पंजाब सरकार ने कांस्टेबल की नौकरी, लेकिन सीबीआई की ओर से उन्हें कुछ नहीं दिया गया जबकि सीबीआई के डायरेक्टर ने हत्यारों का सुराग देने वालों को 10 लाख रुपए के इनाम देने की घोषणा की थी।
मामला जब हाइकोर्ट में गया तो सीबीआई और चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से कोर्ट में कहा गया कि याची को इनामी राशि और नौकरी दी जा चुकी है। सीबीआई ने हाइकोर्ट में कहा था कि उनके अलावा अन्य कई गवाह थे जो उस मामले में अहम थे। ऐसे में मुख्य गवाह या उनकी गवाही पर केस सुलझने का दावा सही नहीं है। याची ने कहा कि यदि सीबीआई इस तरह का रवैया रखेगी तो कौन नागरिक आगे आकर सीबीआई की मदद करेगा।