सावधान रहें, यदि कोई आपके मोबाइल नंबर पर अनजान नंबर से कॉल कर कहे कि सोनू या शर्मा जी बोल रहा हूं और आपका रिश्तेदार या फिर दोस्त हूं। उधार लिए रुपये एक दोस्त से वापस लेने हैं वह गूगल पे से ही रुपये देगा, जबकि मैं गूगल पे का इस्तेमाल नहीं करता हूं। गूगल पे का इस्तेमाल करते हो तो आपके खाते में रुपये डलवा देता हूं। मेरी ओर आपकी तो एक ही बात है बाद में रुपये वापस ले लूंगा तो सावधान हो जाइये। साइबर ठगों ने ठगी करने का यह भी तरीका निकाला है। प्रदेशभर के विभिन्न जिलों में इसी तरह नए तरीके से ठगी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। साइबर ठग विश्वास में लेने के बाद मोबाइल नंबर पर गूगल पे के माध्यम से एक लिंक भेज देते हैं। लिंक पर टैप करते हीखाते से रुपये निकाले जा रहे हैं। पुलिस के पास इस तरह के कई मामलों की शिकायत पहुंची है।
एडवाइजरी
- यदि किसी अनजान नंबर से कॉल आती है तो उसे अपनी किसी भी तरह की पर्सनल जानकारी शेयर न करें
- क्रेडिट, डेबिट कार्ड की डिटेल भी किसी को शेयर न करें
- लिंक पर क्लिक न करें, गूगल पे और पेटीएम पर क्लिक करने से बचें
- यदि ऐसा अहसास हो रहा है कि अनजान नंबर से कॉल करने वाला ठग है तो इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस से करें
- बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने वालों को भी किसी तरह की जानकारी न दें
- जैसा कि सीआईए 1 के एचसी विकास सांगवान और साइबर एक्सपर्ट प्रवीण कुमार ने बताया।
अनजान नंबर से कॉल करने वालों से सावधान रहना चाहिए। यदि कोई संदिग्ध लगता है तो उसकी शिकायत पुलिस से करें। तुरंत ही पुलिस कार्रवाई करेगी।
- राहुल शर्मा, एसपी