जिले के गांव बब्बेहाली में दुस्साहसिक लुटेरों ने एक घर में घुसकर जमकर लूटपाट की। इस बीच घर में मौजूद महिला के विरोध करने पर उन्होंने हथौड़े से प्रहार कर महिला की हत्या कर दी। सोमवार को दिनदहाड़े हुई इस घटना के समय महिला घर में अकेली थी। घटना को अंजाम देकर लुटेरे फरार होने में कामयाब रहे। सूचना पर हरकत में आई पुलिस देर शाम तक लुटेरों का सुराग लगाने में नाकाम रही।
गांव बबेहाली में पेशे से शिक्षक हरविन्द्र सिंह व उसका पुत्र दलेर सिंह दिन के समय घर पर नहीं थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे हरविन्द्र सिंह का पुत्र दलेर सिंह जब घर आया तो अंदर से दरवाजा बंद होने के कारण उसे कई बार दस्तक दी। दरवाजा न खुलने से परेशान होकर वह दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ। जब उसने घर के कमरे में जाकर देखा तो उसकी मां सरबजीत कौर खून से लथपथ मरी पड़ी थी।
उसने तुरंत इसकी जानकारी घर के पास रहते अपने रिश्तेदारों और अपने पिता हरविन्द्र सिंह को दी। कुछ ही देर में सूचना पाकर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिह तूर, पुलिस अधीक्षक डिटेक्टिव जेएस कैंथ, डीएसपी.प्रहलाद सिंह मौका मुआयना किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सरबजीत कौर की हत्या लूटपाट के इरादे से की गई। मृतका ने लुटेरों का विरोध किया था। दूसरी और पुलिस ने जांच में पाया कि घर से लगभग छह तोले सोने के जेवर व नकदी गायब हैं।