गांव रतनगढ़ में सातवीं क्लास में पढ़ने वाले 12 साल के गुरिंदर को साथी को इम्तिहान में नकल न करवाने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर आरोपी छात्र के खिलाफ धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जिला अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जुवेनाइल जेल फरीदकोट भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 17 सितंबर को गांव रतनगढ़ के सरकारी स्कूल की सातवीं क्लास में पढ़ते 12 साल के विद्यार्थी गुरिंदर सिंह पुत्र रणबीर सिंह को उसके साथी विद्यार्थी ने इम्तिहान में नकल करवाने के लिए कहा। गुरिंदर सिंह ने उसे नकल नहीं करवाई। पेपर के बात दोनों में इस बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसी दौरान आरोपी ने गुरिंदर सिंह के सिर पर चोट मार दी। गुरिंदर ने इस झगड़े के बारे मेें घर पर कुछ नहीं बताया।
तीन दिन बाद तकलीफ होने पर जब उसके पिता रणबीर सिंह उसे डॉक्टर के पास लेकर गए। डॉक्टर ने गुरिंदर सिंह का सिटी स्कैन करवाने के लिए कहा पर इसके बाद गुरिंदर सिंह की मौत हो गई। मृतक के पिता रणबीर सिंह ने कहा कि इस झगड़े के बारे में स्कूल प्रिंसिपल और एक शिक्षक को भी बताया गया था पर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
थाना मोरिंडा के एसएचओ हरकीरत सिंह ने बताया कि आरोपी ने मारने की नीयत से गुरिंदर सिंह पर हमला नहीं किया था। मृतक के पिता रणबीर सिंह के बयान पर धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अदालत में पेश किया जहां पर अदालत ने नाबालिग होने के कारण उसे जुवेनाइल जेल फरीदकोट में भेज दिया गया है।