मिलिए एक ऐसे शख्स से, जो पेशे से कारपेंटर है लेकिन इसने कई बच्चों को इंटरनेशनल खिलाड़ी बनाया है। वे सभी आज देश का नाम रोशन कर रहे हैं। कैरम खेलने का शौक रखने वाले मजहर खान भले ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान नहीं बना पाए। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपने बच्चों को पहुंचाने की उनकी जिद पूरी हो गई। उन्होंने अपने पांच बच्चों को इंटरनेशनल लेवल का खिलाड़ी बना दिया। मजहर खान दिन भर लकड़ी का काम करते साथ ही शाम में रोजाना कैरम खेलते थे।
वह कैरम में कुछ अधिक नहीं कर पाए। उन्होंने अपने बच्चों को कैरम में शानदार खिलाड़ी बनाने का फैसला कर लिया। उनकी मेहनत रंग लाई। उनके बच्चे तुबा सेहर, फरहीन, मोहम्मद हसन, आरिश हुसैन और साकिब हुसैन इस खेल में राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। वहीं पहले छोटे से बुटीक में काम करने और अब ऑटो चलाने वाले उम्मीद अली के बेटे मोहम्मद तालिब भी नेशनल लेवल के खिलाड़ी बन गए। यह सभी खिलाड़ी न केवल कैरम बल्कि पढ़ाई में भी किसी से कम नही हैं।
परिवार से मिली प्रेरणा
मजहर हुसैन एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं और लकड़ी का काम करते थे। उन्हें कैरम खेलना पसंद था। वे इस समय घर में बच्चों को कैरम की कोचिंग भी देते हैं। पिता मजहर खान को जब भी मौका मिला वह बड़े बेटे हसन, फरहीन, तुबा सेहर, आरिश और साकिब के साथ घर में कैरम खेलते थे। पिता से मिली ट्रेनिंग के बाद आज इन सभी ने कैरम खेल में मुकाम बनाया। इनमें तुबा सेहर, फरहीन, इंटरनेशनल लेवल, मोहम्मद हसन, आरिश हुसैन, साकिब हुसैन नेशनल लेवल तक पहुंच गए हैं।
क्वीन ऑफ कैरम का अवार्ड
कैरम स्टार तुबा सेहर ने इंग्लैंड में आयोजित वर्ल्ड कप में भारत को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई। मालदीव में टेस्ट सिरीज में विजेता रहीं। इन उपलब्धियों पर तुबा को क्वीन ऑफ कैरम अवार्ड से नवाजा जा चुका है।
तेज तर्रार के नाम से मशहूर
फरहीन देव समाज कॉलेज में बीए फाइनल में है। वह कैरम में अपने खेल से तेज तर्रार के नाम से जानी जाती है। वर्ष 2007 में नेशनल टाइटल जीतने के साथ ही यूथ इंटरनेशनल टूर्नामेंट में उपविजेता की ट्रॉफी जीत चुकी है। कई अहम टूर्नामेंट में चंडीगढ़ की टीम को विजेता बना चुकी है।
चारों खाने चित करने वाले अंदाज
मोहम्मद हसन कैरम के खेल में अपने विरोधियों को चारों खाने चित करने वाले अंदाज के लिए जाने जाते हैं। एसडी कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई करने वाले मोहम्मद हसन वर्ष 2009 में सब जूनियर टाइटल जीतने के साथ ही जूनियर नेशनल रैंकिंग पा चुके हैं।
स्ट्राइकर को चारों तरफ घुमाने में माहिर
कैरम में सही समय पर स्ट्राइकर को घुमाते हुए क्वीन को जीतने की कला के नाम से जाने जाते हैं मोहम्मद तालिब। वे नेशनल लेवल के खिलाड़ी हैं। वर्ष 2009 में सबजूनियर टाइटल जीत चुके हैं।