उम्र 75 साल, योगा से रहती हैं फिट
75 साल की उम्र हो चुकी है, लेकिन बढ़ती उम्र भी इनका हौसला कम नहीं होने दे रही, बल्कि खेलों और समाज सेवा में इनका दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। हौसला भी ऐसा कि मैदान पर जाकर पूरे दमखम से प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए मेडल जीतना आदत में शुमार हो चुकी हैं। हम बात कर रहे हैं विद्यावती सचदेवा की, जिन्होंने चंडीगढ़ मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेते हुए 200 और 800 मीटर रेस में 2 गोल्ड मेडल जीते।
चैंपियनशिप रविवार को सेक्टर-46 स्थित एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित की गई। उम्र 75 से से ऊपर, नाम विद्यावती सचदेवा, बीएसएनएल से क्लर्क पोस्ट से रिटायर होने के बाद एथलेटिक्स के ट्रैक पर 70 से अधिक मेडल, ट्राफी, सर्टिफिकेट जीतकर अपनी उम्र के लोगों में सुपर से भी ऊपर बन चुकी है। देश में कहीं पर भी वेटरन चैंपियनशिप होती है तो उसमें हिस्सा लेने वहां पहुंच जाती हैं।
ऐसे आई खेलों में
रिटायरमेंट होने के बाद घर बैठने की बजाए खुद को व्यस्त रखने के लिए विद्यावती के लिए कुछ करना जरूरी था। फिटनेस का ख्याल था तो स्पोर्ट्स का सहारा लेने का निर्णय लिया। वह वेटरंस की श्रेणी में जरूर खेलती हैं, लेकिन 100, 400, 800मीटर दौड़ में इनका कोई सानी नही हैं।
इसके साथ ही लंबी दौड़ 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर में कई बार गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।खुद को स्पोर्ट्स के जरिए फिट रखने वाली विद्यावती अन्य महिलाओं को भी इससे जोड़ने में लगी हुई हैं। वह खुद योग करती हैं और अपने एरिया के कई महिलाओं की योग क्लास भी लेती हैं। सर्दी हो या फिर गर्मी सुबह- शाम सैर और योग इनके शौक में शामिल है।