पंजाब व्यापार मंडल के महासचिव समीर जैन ने बताया शुक्रवार की हड़ताल के बाद शनिवार और रविवार बैंकों की छुट्टी है। 24 दिसबंर बैंक खुलेंगे। 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी है। 26 दिसंबर को बैंक कर्मचारी फिर हड़ताल पर रहें। 24 दिसंबर को छोड़कर लगातार 5 दिन बैंक बंद रहने से व्यापार की कमर टूट जाएगी।
वहीं पटियाला में भी हड़ताल का असर देखने को मिला। बैंक कर्मचारियों ने जोरदार धरना प्रदर्शन कर वेतन व पेंशन में वृद्धि, बैंकों में पांच दिवसीय प्रणाली लागू करने की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए राजीव सरहंदी ने कहा कि बैंक अधिकारियों का वेतन वृद्धि समझौता एक नवंबर 2017 से लागू होना था। केंद्र सरकार व बैंक मैनेजमेंट के ढीले रवैये कारण 13 महीने बीतने के बाद भी इस तरफ कोई कदम नहीं उठाया गया है। अब बैंक मैनेजमेंट सरकार के इशारे पर वेतन वृद्धि केवल स्केल तीन अफसरों तक ही लागू करने पर अड़ा है। पिछले 10 वेतन वृद्धि समझौते स्केल सात अफसरों तक लागू हुए हैं।
गुरदासपुर और मुक्तसर में भी बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल में रहे। मुक्तसर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक आफ बड़ौदा के अधिकारियों ने हड़ताल की। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने मलोट रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के आगे रोष प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।